बरेली वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! आज से नोएडा और कल से दिल्ली की सीधी उड़ान, सफर से पहले चेक करें नया किराया
बरेली एयरपोर्ट से आज से नोएडा और कल से दिल्ली के लिए सीधी उड़ानें शुरू हो रही हैं, जिससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। हालांकि, 50% से अधिक सीटें ब ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
सुबह 10 बजे तक बुकिंग, सांसद छत्रपाल गंगवार यात्रियों को देंगे बोर्डिंग पास
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली के लोगों की दिल्ली-नोएडा की यात्रा अब और आसान हो जाएगी। लोगों के इंतजार की घड़ियां खत्म होने वाली हैं और एक जुलाई से बरेली एयरपोर्ट से नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के लिए पहली उड़ान शुरू होगी। उड़ान से पहले किराया भी महंगा हो गया है। एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से उड़ान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
टर्मिनल पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि सांसद छत्रपाल गंगवार केक काटने के बाद यात्रियों को बोर्डिंग पास देंगे। इसके ठीक एक दिन बाद दो जुलाई से दिल्ली की भी उड़ान शुरू हो जाएगी।
बरेली-नोएडा की फ्लाइट सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी। नोएडा से 10:30 बजे इंडिगो का विमान उड़ान भरकर बरेली 11:20 बजे पहुंचेगा और वापसी में 12:05 बजे रवाना होगा और 13:00 बजे पहुंचेगा। वहीं अंतिम दो दिनों में नोएडा की फ्लाइट की सीटें तेजी से भर रही हैं।
50 प्रतिशत से अधिक सीटें बुक होने से इंडिगो की ओर से किराये में भी वृद्धि कर दी गई है। अब नोएडा से बरेली का किराया 3,749 रुपये और बरेली से नोएडा का किराया 5,235 रुपये हो गया, जबकि शुरुआत में इंडिगो की ओर से शुरुआती किराया 4,500 में काफी कमी की गई थी।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार शाम छह बजे तक 78 में से 50 सीटें बुक हो चुकी थीं और तेजी से भर रही थीं। सीटों की बुकिंग फ्लाइट के संचालन से दो घंटे पहले तक होती है, जिससे उम्मीद है कि अधिकांश सीटें फुल हो जाएंगी। वहीं दो जुलाई से दिल्ली की फ्लाइट शुरू होगी। फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को होगी।
खबरें और भी
दिल्ली से इंडिगो का विमान 13:35 बजे उड़ान भरकर बरेली एयरपोर्ट पर 14:35 बजे पहुंचेगा। बरेली से 15:00 बजे विमान दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा और 16:05 बजे पहुंचेगा। बरेली से दिल्ली का किराया बढ़कर 4,423 और दिल्ली से बरेली का किराया 4,168 रुपये हो गया है।
बरेली एयरपोर्ट निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि उद्घाटन समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य अतिथि सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार पहले यात्रियों को बोर्डिंग पास देंगे, जिसके बाद विमान निर्धारित समय पर नोएडा के लिए रवाना होगा।
उन्होंने बताया कि 50 प्रतिशत से अधिक बुकिंग होने पर विमान कंपनियां किराये में बढ़ोत्तरी करती हैं। नोएडा की बुकिंग 64 प्रतिशत तक होने की वजह से किराया बढ़ा है। नोएडा और दिल्ली की फ्लाइट भी फुल होकर जाने की उम्मीद है।