Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बरेली स्काईवॉक हादसा: ₹11 करोड़ का प्रोजेक्ट बना शोपीस, युवक की मौत के बाद जागी स्मार्ट सिटी

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 05:51 PM (IST)

    बरेली के पटेल चौक पर स्काईवॉक से एक युवक की गिरने से मौत के बाद स्मार्ट सिटी के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। ढाई साल से बनकर तैयार 11 करोड़ का यह प्रोजेक ...और पढ़ें

    बरेली स्‍काईवॉक

    बरेली स्‍काईवॉक

    HighLights

    1. ढाई वर्ष से बनकर तैयार स्काई वाक के संचालन की नहीं निकल सकी राह

    जागरण संवाददाता, बरेली। शहर के पटेल चौक पर बने स्काई वाक से सोमवार को एक युवक की गिरने से हुई मौत के बाद स्मार्ट सिटी के अधिकारी हरकत में आ गए हैं। लंबे समय से स्काई वाक के संचालन में आ रही बाधा को दूर करने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए इसी सप्ताह बोर्ड बैठक आहूत करने की बात कही जा रही है।

    उल्लेखनीय है कि 11.18 करोड़ से बनकर तैयार स्काई वाक के संचालन को अब तक चार बार निविदा आमंत्रित की जा चुकी है। दो बार निविदा में एक भी एजेंसी ने प्रतिभाग नहीं किया तो दो बार एजेंसियों को अलग-अलग कारणों का हवाला देते हुए निविदा के बाद प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया।

    इससे, शहर के पटेल चौक से पैदल निकलने वाले राहगीरों को व्यस्त ट्रैफिक व्यवस्था से राहत दिलाने के नाम पर बनी स्काई वाक महज शोपीस बनकर रह गई है। अब माना जा रहा है कि जल्द ही स्मार्ट सिटी बोर्ड की बैठक आहूत कर स्काई वाक के संचालन की राह निकाली जाएगी।

    स्काई वाक के संचालन से पैदल जाने वाले राहगीर पटेल चौक पर पड़ने वाले ट्रैफिक से जूझे बगैर बरेली कालेज-नगर निगम की ओर, हनुमान मंदिर की ओर, चौकी चौराहा व चौपुला की ओर निकल सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार स्काई वाक में लोग स्थानीय व्यंजन का भी स्वाद चख सकेंगे।

    खबरें और भी

    इसके लिए 88 दुकानें (कियोस्क) भी खोलने का खाका खींचा गया है। हनुमान मंदिर की ओर से 90.95 मीटर, चौपुला की तरफ 87 मीटर, बरेली कालेज-श्यामगंज की तरफ 81 मीटर और चौकी चौराहा की तरफ 111 मीटर की भुजाएं विकसित की गई हैं।

    चारों भुजाओं में कुल पांच सीढ़ियां, एक एस्केलेटर व चार लिफ्ट लगाई गई हैं। स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि स्काई वाक संचालन के लिए उच्चाधिकारियों से मंथन किया जा रहा है, शीघ्र ही निर्णय लिया जाएगा।

    संजय कम्युनिटी सरोवर का भी नहीं निकल सका हल

    शहर के सिविल लाइंस स्थित संजय कम्युनिटी सरोवर को भी 8.55 करोड़ से पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया है। इसके संचालन के लिए भी दिल्ली की मैसर्स मकसद बिल्डकान कंपनी का चयन किया गया था, लेकिन संचालन से पहले ही निविदा निरस्त कर दी गई। यहां पर लोगों को फूडकोर्ट व अन्य सुविधाएं विकसित करने की योजना बनाई गई है।

    यह भी पढ़ें- बरेली से नोएडा की दूरी हुई खत्म! सांसद ने पहली महिला यात्री से कटवाया केक, मिला पहला बोर्डिंग पास