फास्टैग में पैसे होने पर भी टोल पर लग रहे 15-20 मिनट, बरेली के इन दो हाईवे पर रेंग रहे वाहन; जानें क्या है मामला
बरेली के रिठौरा और बहेड़ी टोल प्लाजा पर फास्टैग लगे वाहनों को भी 10-15 मिनट लग रहे हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। एक लेन हमेशा बंद रहने, ...और पढ़ें

बरेली-सितारगंज हाईवे पर रिठौरा स्थित टोल प्लाजा। जागरण
HighLights
वाहनों के निकलने के लिए दोनों तरफ तीन-तीन लेन, बंद रहती हमेशा एक लेन
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली-सितारगंज हाईवे पर स्थित रिठौरा टोल प्लाजा का सिस्टम रुक-रुक कर चल रहा है। फास्टैग लगे वाहनों को जहां महज कुछ सेकेंड में निकल जाना चाहिए वहां 10 से 15 मिनट तक का समय लग जा रहा है। इससे वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ रही है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। इसी तरह बरेली-नैनीताल हाईवे स्थित बहेड़ी टोल प्लाजा पर का सिस्टम भी धीमी गति से चल रहा है। यहां भी टोल टैक्स कटवाने के लिए वाहनों की कतार लग रही है।
बरेली-पीलीभीत रोड पर रिठौरा और लभेड़ा गांव के मध्य टोल प्लाजा है। दोनों तरफ से वाहनों के निकलने के लिए तीन-तीन लेन हैं, लेकिन एक साइड का किनारे वाला लेन हमेशा बंद रहता है। दो लेन ही चालू रहते हैं। मोटरसाइकिल, टेंपो और ई-रिक्शा के अलावा पैदल यात्रियों को निकलने के लिए एक ही लेन चालू रहती है।
इसी लेन से वीआइपी वाहनों को भी निकाला जाता है। शनिवार दोपहर में जाम की स्थिति रही। फास्टैग लगे होने के बाद भी टोल कटने में 15 से 20 मिनट का समय लग जा रहा था, जिससे वाहन चालक परेशान हो रहे थे। इस समय हाईवे का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। चौड़ीकरण के कार्य की वजह से एनएचएआइ ने टोल दरें 50 प्रतिशत कम कर रखी है।
कार का टोल शुल्क 70 के बजाय 40 रुपये, व्यावसायिक चार पहिया वाहनों का शुल्क 110 रुपये से घटाकर 65 रुपये किया गया है। बस से पूर्व में 240 रुपये लिए जाते थे, अब 140 रुपये लिए जा रहे हैं। इसी तरह थ्री-एक्सल वाहनों का शुल्क 250 रुपये से घटाकर 160 रुपये कर दिया गया है।
खबरें और भी
फास्टैग से टोल कटने में आ रही दिक्कत
टोल प्लाजा पर कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं। वाहन चालकों की शिकायत है कि फास्टैग रिचार्ज होने के बाद भी टोल पर पहुंचने पर सिस्टम में बताया जा रहा है कि फास्टैग में पैसे ही नहीं है। टोल प्लाजा के दोनों तरफ सड़क में गड्ढ़े हैं। एक ही लेन से बाइक, टेंपो और वीआइपी वाहन निकलने से दिन में कई बार जाम की स्थिति बनती है। आए दिन दुर्घटनाएं भी हो जा रही हैं। जिससे टोल प्लाजा की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
टोल प्लाजा से वाहनों के निकलने में समय लगने की शिकायत मिलने पर जानकारी ली गई, टोल प्लाजा प्रबंधक ने अवगत कराया कि अपराह्न सवा चार बजे दो ब्लैकलिस्टेड वाहन अलग-अलग लेन में एक साथ पहुंच गए थे। उन्हें यूपीआइ से भुगतान करने या फास्टैग रिचार्ज करने के लिए कहा गया। एक वाहन के चालक ने यूपीआइ से भुगतान कर दिया, लेकिन दूसरे वाहन को वापस लौटाना पड़ा, इसकी वजह से करीब 15 मिनट का व्यवधान आया था।
- नवरत्न, परियोजना निदेशक, एनएचएआई