बरेली-सितारगंज हाईवे और रिंग रोड होंगे हाईटेक: आवारा पशुओं को रोकने बनेगी दीवार, ATMS कैमरों से निगरानी
बरेली-सितारगंज हाईवे और रिंग रोड पर एनएचएआइ उन्नत यातायात प्रबंधन प्रणाली (एटीएमएस) लगाएगा, जिसमें स्वदेशी कैमरे और कंट्रोल रूम से ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज है।
HighLights
प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे स्वदेशी अत्याधुनिक कैमरे, कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
ओवरस्पीड, लेन उल्लंघन पर होगी कार्रवाई, दुर्घटना के कारणों का हो सकेगा निवारण
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली-सितारगंज हाईवे और रिंग रोड पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने उन्नत यातायात प्रबंधन प्रणाली (एटीएमएस) लगाने की तैयारी की है। हाईवे और रिंग रोड पूरी तरह हाईटेक निगरानी प्रणाली से लैस होगा। स्वदेशी अत्याधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे, कंट्रोल रूम से इनकी निगरानी की जाएगी।
इन कैमरों से तेज रफ्तार, लेन उल्लंघन और अन्य यातायात नियम तोड़ने वाले वाहनों की स्वत: पहचान कर ई-चालान जारी करके ट्रैफिक पुलिस के पास भेजे जा सकेंगे। दुर्घटनाओं की मुख्य वजह पता चल सकेगी, जिससे उन्हें रोकने के लिए ठोस उपाय किए जा सकेंगे।
पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सतत प्रयास तो किए जा रहे हैं, लेकिन हाईवे पर अचानक पशुओं का झुंड पहुंच जाने से दुर्घटना हो जा रही है।
बरेली-नैनीताल और बरेली-सीतापुर हाईवे पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। सीतापुर हाईवे पर निगरानी बढ़ाने के लिए जगह-जगह कैमरे लगवाने की प्रक्रिया पिछली साल शुरू की गई थी, लेकिन अभी तक एक भी कैमरा नहीं लग सका है।
एनएचएआई की तकनीकी टीम को नोटिस कर जवाब मांगा गया है। निर्माणाधीन बरेली-पीलीभीत-सितारगंज हाईवे पर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। हाईवे पर दोनों तरफ दीवार बनाई जाएगी।
सीमित स्थानों पर वाहनों को हाईवे पर आने का मार्ग खुला रहेगा, जिसकी आसानी से निगरानी की जा सकेगी। इससे निराश्रित पशु हाईवे पर नहीं आ सकेंगे। वाल निर्माण को परियोजना के एस्टीमेट में शामिल किया जा चुका है।
वाहन चालकों को आवागमन में अवरोध न होने पाए इसलिए हाईवे को आधुनिक तकनीक से लैस करने किया जाएगा। जगह-जगह डिजिटल डिस्प्ले लगाए जाएंगे।
वहीं प्रमुख स्थानों पर कैमरे लगवाए जाएंगे, जिससे भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं के कारणों का भी आंकलन करने में आसानी रहेगी। इसी तरह झुमका तिराहा से चौबारी होते हुए इन्वर्टिस तिराहे तक बनाए जा रहे रिंग रोड पर भी एटीएमएस लगाई जाएगी। दावा किया जा रहा है कि सितारगंज हाईवे और रिंग रोड पूरी तरह हाईटेक निगरानी प्रणाली से लैस होगा।
हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए निर्माणाधीन बरेली-सीतारगंज हाईवे और रिंग रोड पर एटीएमएस लगाई जाएगी। परियोजनाओं के एस्टीमेट में इसे शामिल किया गया है। दोनों तरफ दीवार बनाने के साथ स्वदेशी अत्याधुनिक कैमरे लगवाए जाएंगे। इससे निराश्रित पशु हाईवे पर नहीं चढ़ने पाएंगे। प्रमुख स्थानों पर ही वाहनों को हाईवे पर चढ़ने और उतरने के लिए मार्ग बनाया जाएगा, लेकिन इस रास्ते निराश्रित पशु हाईवे पर नहीं चढ़ पाएंगे।
- अश्वनी चौहान, प्रोजेक्ट मैनेजर तकनीकी एनएचएआई
यह भी पढ़ें- बरेली में 150 वर्गमीटर सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर, पार्षद की शिकायत के बाद गिराया गया अवैध निर्माण
