बरेली: पति की शिकायत करने थाने पहुंची महिला से दारोगा ने किया दुष्कर्म, कराया गर्भपात; SSP ने किया सस्पेंड
बरेली में पति की शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला से दारोगा ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया और गर्भवती होने पर गर्भपात कराया। एसएसपी ने आरोपी दारोगा ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
आरोपित दारोगा बोला- पत्नी को दूंगा तलाक फिर करुंगा शादी
वर्ष 2025 में बारादरी थाने का मामला, पहले बातें कर नजदीकियां बनाईं फिर दिया शादी का झांसा
जागरण संवाददाता, बरेली। पति की शिकायत करने बारादरी थाने पहुंची महिला पर वहां तैनात एक दारोगा का दिल आ गया। उसने मदद के बहाने महिला से नजदीकियां बढ़ाई और फिर घर आना-जाना शुरू कर दिया। बाद में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना लिए। आरोप है कि अब दारोगा उन्हें छोड़कर चला गया है।
महिला ने एसएसपी से की शिकायत
महिला ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत की है। मामले की गंभीरता को लेते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने दारोगा नरेश बाबू को निलंबित कर दिया है। पूरे मामले की विस्तृत जांच उन्होंने एसपी साउथ अंशिका वर्मा को सौंपी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पति से चल रहा था मतभेद
बारादरी थाना क्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि उनका उनके पति से वर्ष 2022 से मतभेद चल रहा है, जिसकी वजह से वह अकेली रह रही हैं। आरोप है कि वर्ष 2025 में वह पति के विरुद्ध प्राथमिकी लिखाने के लिए बारादरी थाने गई थी। वहां उन्हें दारोगा नरेश बाबू मिले।
अपनापन दिखाते हुए लिया नंबर
आरोप है कि उन्होंने थाने में काफी अपनापन दिखाते हुए बातचीत की और नंबर ले लिया। कहा कि मुकदमा लिखवाने में पूरी मदद करेंगे। बाद में वह फोन पर बात करने लगे और कहा कि तुम पढ़ी लिखी हो, पुलिस में नौकरी निकलने वाली हैं। अधिकारियों से मेरे अच्छे संबंध हैं थोड़ा रुपया खर्च करो तो तुम्हारी नौकरी लगवा दूंगा।
खबरें और भी
अपनी पत्नी की करता था बुराई
धीरे-धीरे बहाने से मिलने के लिए वह महिला के घर जाने लगे। आरोप है कि वह अपनी पत्नी की बुराई करते हुए तलाक देने की बात कहते। दारोगा ने महिला को शादी का झांसा दिया और संबंध बनना शुरू कर दिया और कई बार संबंध बनाए। करवाचौथ के बाद से दारोगा लगातार महिला के घर पर ही रहने लगा।
बिना बताए ले गया जेवर
आरोप है कि फरवरी में दारोगा नरेश के बेटे की शादी थी तो वह बिना महिला को बताए उसके जेवर ले गया। कहा कि वह थोड़े-थोड़े रुपये करके चुका देगा। इसी बीच महिला गर्भवती हो गई तो उसने दारोगा को अपने गर्भवती होने की बात बताई। इस पर आरोपित दारोगा नरेश ने 12 मई को मेडिकल स्टोर से दवा लाकर उनका गर्भपात करा दिया।
भरोसा जीतने के लिए महिला को दिए रुपये
भरोसा जीतने के लिए दारोगा ने तीन-चार बार में करीब पांच लाख रुपये भी महिला को दिए। इसी बीच दारोगा नरेश का ट्रांसफर सिरौली थाने में हो गया। इसके बाद नरेश अपनी पत्नी और बेटों के साथ महिला के घर पहुंचे और मारपीट की। साथ ही धमकी दी उसका कुछ नहीं हो सकता।
महिला ने उठाया एक्सीडेंट का खर्च
इसके बाद दारोगा नरेश फिर से महिला के साथ रहने लगा और शहर से ही सिरौली थाने में ड्यूटी आने-जाने लगे। पांच जुलाई को दारोगा का अखा गांव के पास एक्सीडेंट हो गया तो वह उस रात घर नहीं पहुंचे। फोन करने पर जब एक्सीडेंट की बात पता चली तो महिला अस्पताल पहुंची और उनके उपचार का पूरा खर्चा उठाया।
महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप
आरोप है कि कुछ ही देर बाद नरेश की पत्नी और बेटे भी अस्पताल आ गए। वहां पर उन्होंने पीड़ित के साथ अभद्रता की और नरेश को अपने साथ ले गए। पीड़ित महिला का कहना है कि दारोगा ने शादी का झांसा देकर उनके साथ दुष्कर्म किया है। महिला ने एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र दिया है। शिकायत पत्र के बाद एसएसपी ने दारोगा नरेश को निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच कराई है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिकायती पत्र मिलने के बाद दारोगा नरेश को निलंबित कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच एसपी साउथ को सौंपी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
- अनुराग आर्य, एसएसपी।
यह भी पढ़ें- बदायूं में इंसानियत शर्मसार: खाली पड़े सरकारी क्वार्टर में कक्षा 2 की छात्रा से दरिंदगी, आरोपी हिरासत में