Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बरेली हवाई अड्डे से अब 4 शहरों की उड़ान! नोएडा के बाद दिल्ली कल से, चेन्नई-गोवा समेत इन 8 शहरों की भी तैयारी

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 06:15 AM (GMT+05:30)

    बरेली एयरपोर्ट से नोएडा के लिए पहली उड़ान 48 यात्रियों के साथ शुरू हुई, जिससे हवाई यात्रा का नया अध्याय खुला। गुरुवार से दिल्ली के लिए भी उड़ानें शुरू ...और पढ़ें

    बरेली एयरपोर्ट पर नोएडा से पहुंचा इंडिगो का विमान।

    बरेली एयरपोर्ट पर नोएडा से पहुंचा इंडिगो का विमान।

    HighLights

    1. 48 यात्रियों को लेकर उड़ी नोएडा की पहली फ्लाइट

    जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली एयरपोर्ट से लंबे इंतजार के बाद बुधवार से नोएडा के जेवर एयरपोर्ट की फ्लाइट शुरू हो गई। इंडिगो का एटीआर-72 एयरपोर्ट से 48 यात्रियों को लेकर रवाना हुई। फ्लाइट से पहले एयरपोर्ट पर मुख्य अतिथि सांसद छत्रपाल गंगवार ने पहली यात्री अनामिका के साथ केक काटने के बाद उन्हें बोर्डिंग पास दिया।

    बरेली से गुरुवार से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए भी फ्लाइट शुरू हो जाएगी। इसके बाद बरेली से चार शहरों की हवाई यात्रा हो सकेगी। जल्द ही गोवा, जम्मू, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, अहमदाबाद, सूरत और कुशीनगर के लिए भी फ्लाइट शुरू की जाएगी।

    बरेली-नोएडा की फ्लाइट सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी। बुधवार को नोएडा-बरेली की पहली फ्लाइट शुरू हुई। नोएडा से इंडिगो का विमान उड़ान भरकर बरेली एयरपोर्ट पर सुबह 11:20 बजे पहुंचा और वापसी में समय से दोपहर 12:05 बजे रवाना हुआ।

    इससे पहले यात्रियों को टर्मिनल में सुरक्षा जांच के बाद प्रवेश दिया गया। सांसद छत्रपाल गंगवार और एयरपोर्ट डायरेक्टर अवधेश अग्रवाल ने स्टाफ से बात की। कार्यक्रम के बाद प्रेसवार्ता में सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि बरेली से नोएडा की फ्लाइट शुरू होना ऐतिहासिक पल है।

    खबरें और भी

    उन्होंने कहा कि बरेली के साथ-साथ पीलीभीत, लखीमपुर, बदायूं, रामपुर, पंतनगर के लोगों को भी हवाई सेवा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बरेली से लखनऊ और प्रयागराज भी काफी संख्या में लोग जाते हैं।

    ऐसे में यहां की फ्लाइट के संचालन के संबंध में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से संसद सत्र के दौरान मुलाकात कर वार्ता की जाएगी। एयरपोर्ट डायरेक्टर अवधेश अग्रवाल ने बताया कि नोएडा की फ्लाइट का सफल संचालन शुरू हो गया है। दिल्ली की फ्लाइट का संचालन गुरुवार से शुरू हो जाएगा।

    दिल्ली की फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को होगी। दिल्ली से इंडिगो का विमान दिल्ली से 13:35 बजे उड़ान भरकर बरेली एयरपोर्ट पर 14:35 बजे पहुंचेगा। बरेली से 15:00 बजे विमान दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा और 16:05 बजे पहुंचेगा।

    उन्होंने बताया कि अब बरेली से चार शहरों नवी मुंबई, बेंगलुरू, नोएडा ओर दिल्ली का हवाई सफर हो सकेगा। भविष्य में दक्षिण भारत के शहरों के अलावा गोवा और जम्मू की फ्लाइट के संचालन की भी तैयारी है। कुशीनगर की फ्लाइट जल्द शुरू होगी। एयरपोर्ट का विस्तार भी किया जा रहा है, जिससे बरेली के लोगों को अधिक से अधिक फायदा मिलेगा।

    यह भी पढ़ें- बरेली से नोएडा की दूरी हुई खत्म! सांसद ने पहली महिला यात्री से कटवाया केक, मिला पहला बोर्डिंग पास