बरेली में मौसम का यू-टर्न: भीषण उमस के बीच मौसम विभाग ने जारी किया 'ऑरेंज अलर्ट', अगले 48 घंटे भारी
बरेली में मानसून की सक्रियता से भीषण उमस से राहत मिली है, जिसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भारी से बहुत भार ...और पढ़ें

बारिश से बचने के लिए छाता खरीदती महिला और हल्की बारिश में छाता लगाकर जातीं महिलाएं जागरण
HighLights
मानसूनी द्रोणी प्रदेश के तराई इलाकों से दक्षिण की ओर खिसकी, वर्षा के बढ़े आसार
जागरण संवाददाता, बरेली। भीषण उमस और गर्मी से बेहाल शहरवासियों के लिए शनिवार का दिन राहत लेकर आया। मानसून के एक बार फिर सक्रिय होने से जिले के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सुबह से ही शुरू हुई रिमझिम और रुक-रुक कर हुई वर्षा का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसका जनजीवन पर स्पष्ट असर दिखा।
सड़कों पर निकलने वाले लोग छतरियों और रेनकोट का सहारा लेते नजर आए, जबकि कई लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों के छज्जों के नीचे खड़े होकर मौसम के थमने का इंतजार करते दिखे। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों का आरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में जिले के विभिन्न हिस्सों में मानसूनी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें आंवला में 3.6 मिमी, बहेड़ी में 3 मिमी, फरीदपुर में 2 मिमी और बरेली शहर में 2.2 मिलीमीटर वर्षा हुई। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है।
एकीकृत मौसम पूर्वानुमान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय होने से मानसूनी द्रोणी प्रदेश के तराई इलाकों से दक्षिण की ओर खिसक आई है। इस मौसमी बदलाव के चलते प्रदेश में मानसूनी सक्रियता काफी बढ़ गई है।
खबरें और भी
24 जुलाई तक भारी वर्षा के आसार
विशेषज्ञों के मुताबिक, 21 जुलाई तक प्रदेश भर में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है, जिसके मद्देनजर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 24 जुलाई तक प्रदेश के दक्षिणी भागों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की येलो वार्निंग दी गई है।
मानसून के इस सक्रिय चरण के कारण तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को लंबे समय से सता रही उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और संभावित भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
ये सावधानी बरतें
- घर के अंदर रहें, खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें। संभव हो तो यात्रा करने से बचें।
- बिजली और इलेक्ट्रानिक उपकरणों को अनप्लग करें।
- सुरक्षित आश्रय लें, पेड़ों के नीचे आश्रय न लें। कंक्रीट के फर्श पर न लेटें और कंक्रीट की दीवारों से न टिकें।
- जलस्रोतों से तुरंत बाहर निकलें।