UP का नया 'इंडस्ट्रियल हब' बनेगा बरेली! 126 हेक्टेयर में बसेगी टाउनशिप, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार का तोहफा
बरेली विकास प्राधिकरण ने 126.30 हेक्टेयर में औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने को मंजूरी दी है। इस योजना के लिए चार गांवों के 600 से अधिक किसानों से भूमि ख ...और पढ़ें

बीडीए बोर्ड की बजट बैठक में विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा करते मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी, साथ में मौजूद बीडीए उपाध्यक्ष डा. मनिकंडन ए., नगर आयुक्त संजीव कुमार, सचिव वंदिता श्रीवास्तव व अन्य सदस्य। सौ. बीडीए
HighLights
मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई प्रस्तावों पर लगी मुहर, पांच एई व दस जेई को रखने की स्वीकृति
शहरी क्षेत्र में मानचित्र स्वीकृत कराना होगा महंगा, 1450 के बजाय 1510 रुपये हुआ विकास शुल्क
जागरण संवाददाता, बरेली। जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सोमवार को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने इंडस्ट्रियल टाउनशिप को विकसित करने की स्वीकृति दे दी। 126.30 हेक्टेयर में विकसित होने वाली योजना के लिए चार गांव के 600 से अधिक किसानों से भूमि खरीद की जाएगी। इसके साथ ही पीलीभीत रोड टाउनशिप के विकास को गति देने समेत अन्य प्रस्तावों के साथ बोर्ड ने अब तक के सबसे बड़े बजट 3329.09 करोड़ के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी।
इसमें 1498 करोड़ से इंडस्ट्रियल टाउनशिप व पीलीभीत रोड पर प्रस्तावित आवासीय योजना की भूमि क्रय समेत कई अन्य सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों को मंथन के बाद स्वीकृत कर दिया गया। मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार दोपहर तीन बजे बीडीए बोर्ड की 94वीं बैठक आहूत की गई।
बोर्ड के समक्ष बीडीए इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा 3329.09 करोड़ के बजट को मंथन को रखा गया, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकृत कर दिया। बजट में रहपुरा जागीर समेत चार गांव में 125 हेक्टेयर में प्रस्तावित न्यू इंडस्ट्रियल टाउनशिप, पीलीभीत रोड टाउनशिप के विकास के लिए विशेष रूप से धन आरक्षित किया गया।
सदस्य राजेश अग्रवाल ने इंडस्ट्रियल टाउनशिप में सार्वजनिक सुविधाओं के विकास के लिए कम्युनिटी सेंटर समेत अन्य सुविधाओं पर फोकस करने का सुझाव दिया, जिसे अधिकारियों ने स्वीकृति दी। बैठक में न्यू इंडस्ट्रियल टाउनशिप में सार्वजनिक सुविधाओं को भी बढ़ाने पर प्रस्ताव रखा गया।
खबरें और भी
वहीं, मानचित्र पास कराने के लिए शासन द्वारा विकास शुल्क 1450 रुपये के लिए 1510 रुपये करने के प्रस्ताव को भी अंगीकृत कर दिया गया। कंप्यूटर आपरेटरों का पारिश्रमिक बढ़ाने, आगामी योजनाओं के विकास को गति देने के लिए पांच सहायक अभियंता व दस जेई को आउटसोर्स पर रखने का प्रस्ताव पास हो गया।
वहीं, 65 साल के ऊपर के दो जेई को फिर से नियुक्त करने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया। इसमें इसमें जेई केपी सिंह व वीपी यादव शामिल हैं। बीडीए उपाध्यक्ष डा. मनिकंडन ए. ने बताया कि बीडीए का वित्तीय वर्ष 2026-27 का प्राधिकरण में उपलब्ध संपत्तियों-अन्य स्रोतों से प्राप्तियों के अंतर्गत 3329.09 करोड़ का लक्ष्य रखा गया है।
इसी प्रकार पीलीभीत टाउनशिप योजना एवं नई औद्योगिक टाउनशिप की भूमि क्रय और प्राधिकरण की योजनाओं में निर्माण एवं विकास कार्यों पर होने वाले व्यय के साथ-साथ प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन आदि पर कुल व्यय धनराशि 2493.53 करोड़ का लक्ष्य रखा गया है।
इसमें दोनों टाउनशिप योजना के लिए 1498 करोड़ भूमि की खरीद पर पर खर्च किया जाएगा। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, पार्षद शालिनी वर्मा, पूनम व उमेश कठरिया, अधीक्षण अभियंता विद्युत, मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक, अपर निदेशक कोषागार एवं पेंशन समेत अन्य सदस्य रहे।
इंडस्ट्रियल टाउनशिप से बदलेगी जिले की पहचान, बढ़ेगा रोजगार
बीडीए बोर्ड ने औद्योगिक टाउनशिप परियोजना के विकास से बरेली के समग्र औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलने की बात कही। बीडीए उपाध्यक्ष डा. मनिकंडन ए. ने कहा कि, औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने के लिए भिटौरा नौगवां उर्फ फतेहगंज पश्चिमी, चिटौली, रहपुरा जागीर एवं रसूला चौधरी के 600 कृषकों से कुल 126.304 हेक्टेयर भूमि भू-स्वामियों-कृषकों से आपसी सहमति के आधार पर चार गुणा मूल्य पर बरेली विकास प्राधिकरण के पक्ष में क्रय की जाएगी।
योजना के आंतरिक व बाह्य विकास कार्यों आदि की लागत जोड़ने के बाद आमजन को भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। योजना के विकास से जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होने का दावा किया गया।