वाराणसी की 'रिया आंटी' और बरेली की 'बबली': एक मासूम की रूह कंपाने वाली कहानी, जो स्टेशन से शुरू होकर होटल तक पहुंची
वाराणसी जंक्शन से अपहृत एक किशोरी को बरेली में देह व्यापार में धकेल दिया गया। किशोरी के भागकर पुलिस तक पहुंचने के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने दे ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
वाराणसी जंक्शन से महिला ने किशोरी का किया था अपहरण, फिर दूसरी को बेचा
शहर में बंधक बनाकर किशोरी से कराया जा रहा था देह व्यापार, चार लोग गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, बरेली। वाराणसी जंक्शन से अपहरण हुई किशोरी के बरेली की महिला ने खरीदा और उसे देह व्यापार में धकेल दिया। शुक्रवार रात किशोरी सेटेलाइट स्थित होटल से भागकर थाने पहुंची तो मामले की जानकारी हुई। पुलिस का कहना है कि युवती से देह व्यापार कराने के चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि तीन आरोपित अभी भी फरार हैं।
पुलिस की सूचना पर वाराणसी से किशोरी के स्वजन भी बरेली आ गए हैं। सोमवार को कोर्ट में किशोरी के बयान के बाद उसे स्वजन के सुपुर्द कर दिया जाएगा। इसके बाद उसकी ही निशानदेही पर उसका अपहरण करने वाली महिला को भी गिरफ्तार किया जाएगा। वाराणसी निवासी किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह कक्षा सात तक पढ़ी है।
जनवरी के पहले हफ्ते में परिवार वालों ने घर के काम को लेकर उसे डांट दिया था तो वह गुस्से में घर से निकली और वाराणसी जंक्शन पर पहुंच गई। किशोरी का आरोप है कि स्टेशन उसे मुहल्ले की ही रिया आंटी मिली। रिया ने उसे अपनी बातों में फंसाया और बहलाकर घर ले गई। दो-तीन दिन अपने घर रखा इसके बाद घुमाने का बहाना बनाकर बरेली आ गई।
किशोरी का आरोप है कि यहां पर रिया ने बबली आंटी से रुपये लेकर उसे बेच दिया और स्वयं चली गई। युवती की असली प्रताड़ना यहीं से शुरू हुई। युवती का कहना है कि बबली आंटी के यहां पर उनका दोस्त विनोद भी रहता है। दोनों उसे चनहेटी में एक कमरे में बंद कर रखते थे और देह व्यापार कराने लगे। दोनों उसे होटलों में ले जाते और ग्राहकों को सौंप देते थे।
खबरें और भी
जब उसने विरोध किया तो बबली, उसके पति खलील खां और विनोद ने मारपीट की। युवती का आरोप है कि कुछ दिन पहले एक महिला दुर्गालावती और जसलीन भी इन लोगों के साथ आकर रहने लगीं। ये लोग भी उसके साथ बुरा बरताव करने लगे। शुक्रवार रात विनोद, बबली, जसलीन, दुर्गालावती और खलील खां सेटेलाइट के पास उसे होटल में लेकर गए।
वह किसी तरह बाथरूम जाने के बहाने होटल से भागकर पुलिस के पास पहुंची और पूरी कहानी बताई। किशोरी के बयान के आधार पर प्राथमिकी लिखी गई और पुलिस ने होटल से चनहेटी निवासी बबली यादव, कुइंया खेड़ा फरीदपुर निवासी विनोद यादव, बिजनौर निवासी जसलीन कौर और नेपाल निवासी दुर्गालावती को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने किशोरी से बात कर उसके स्वजन को सूचित किया तो रविवार शाम को सभी बरेली बारादरी थाने पहुंच गए। उन्होंने बेटी से बातचीत कर ली है। पुलिस का कहना हैं कि कोर्ट में बयान के बाद उसे स्वजन के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
किशोरी की निशानदेही पर वाराणसी में होगी छापेमारी
बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि किशोरी ने उस रिया महिला का घर देखा है जिसने उसका अपहरण किया था। क्योंकि दो-तीन दिन उसने किशोरी को बंधक बनाकर अपने ही घर में रखा था। इसलिए जब वह वाराणसी जाएगी तो उसके साथ टीम को भेजा जाएगा।
किशोरी की निशानदेही पर ही आरोपित महिला के घर पर छापेमारी होगी। महिला रिया की गिरफ्तारी के बाद और भी बड़े नेटवर्क के खुलने की आशंका है। पुलिस का मनना है कि आरोपित महिला ने और भी कई किशोरियों का अपहरण किया होगा।
इन होटलों के नाम आए सामने
पुलिस ने जब होटलों के बारे में गिरोह के सदस्यों से पूछताछ की तो पता चला कि आरोपित किशोरी को इज्जतनगर में मामा-भांजा रेस्टोरेंट, पीलीभीत बाइपास पर ग्रीन एप्पल होटल, सेटेलाइट के पास लिटिल क्राउन होटल और मूडी मून होटल में लेकर जाया करते थे। वहीं पर ग्राहक उसका इंतजार करते।
बाद में किशोरी को लेकर वापस आ जाते थे। गिरोह के सदस्यों का आरोप है कि उनके इस धंधे का हिस्सा होटल संचालकों को भी जाता था। इसलिए वह बिना किसी विरोध के उन्हें जब चाहे तब रूम दे दिया करते थे। पुलिस का कहना है कि होटल के मैनेजर अभी फरार हो गए हैं जल्द ही इनके संचालकों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।