Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सीएम योगी का बरेली मंडल दौरा: पीलीभीत, मुरादाबाद और रामपुर में विकास कार्यों की सौगात

    Updated: Sun, 28 Jun 2026 10:45 PM (IST)

    सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार से दो दिवसीय बरेली मंडल के दौरे पर रहेंगे, जिसमें पीलीभीत, मुरादाबाद और रामपुर शामिल हैं। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. सीएम योगी का दो दिवसीय बरेली मंडल का दौरा।

    2. पीलीभीत, मुरादाबाद, रामपुर में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण।

    3. बरेली में कानून व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा।

    जागरण संवाददाता, बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार से दो दिन बरेली मंडल के दौरे पर रहेंगे। सोमवार को त्रिशूल एयरपोर्ट पर विमान से उतरकर हेलीकाप्टर से पीलीभीत जाएंगे। फिर मुरादाबाद जाएंगे और वहां रात्रि विश्राम करेंगे।

    इसके बाद मंगलवार को पहले रामपुर में जनसभा कर बरेली पहुंचेंगे। बरेली में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में अधिकारियों के साथ विकास एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।

    जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री का विमान सोमवार सुबह करीब 11 बजे त्रिशूल एयरपोर्ट पहुंचेगा। यहां से वह हेलीकाप्टर द्वारा पीलीभीत रवाना होंगे। पीलीभीत में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे। पीलीभीत से मुख्यमंत्री मुरादाबाद जाएंगे। वहां लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा, विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगे।

    इसके अलावा विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ व्यापारी कल्याण दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम को गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण करने के बाद मुरादाबाद सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।

    इसके बाद 30 जून की सुबह मुख्यमंत्री मुरादाबाद से रामपुर पहुंचेंगे। शाहाबाद क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे।

    इसके बाद दोपहर को हेलीकाप्टर से बरेली पुलिस लाइंस उतरेंगे। वहां से मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां करीब 12:30 बजे बरेली मंडल के लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों की समीक्षा करेंगे। उसके साथ ही विभाग के नए कार्यों की कार्ययोजना के संबंध में बैठक करेंगे।

    दोपहर दो बजे से ढाई बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है। करीब ढाई बजे से बरेली जिले के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, राजस्व और कानून व्यवस्था की स्थिति की विस्तार से समीक्षा करेंगे।

    समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ ही मंडल के सभी जिलाधिकारी, पुलिस कप्तान और विभागीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिले में पूरी तरह अलर्ट है। त्रिशूल एयरपोर्ट, पुलिस लाइन हेलीपैड, सर्किट हाउस और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। रविवार को डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुसार आर्य समेत अन्य अधिकारियों ने रविवार को सर्किट हाउस पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखा।

    खबरें और भी