बरेली में भारतीय रेलवे की मदद से इजरायली युवक-युवती हुए भावुक, बोले धन्यवाद भारत
बरेली जंक्शन पर इजरायली युवक लियो और उसकी दोस्त को भारतीय रेलवे से मदद मिली। वे अपनी बाइक के साथ नार्थ ईस्ट जाना चाहते थे, लेकिन टिकट और पार्सल बुकिंग ...और पढ़ें

बरेली जंक्शन पर पार्सल घर के बाहर इजरायल के युवक युवती से जानकारी लेते सीएमआइ मो. इमरान। जागरण
HighLights
इजरायली युवक-युवती को बरेली में रेलवे से मदद मिली।
लोहित एक्सप्रेस में टिकट और बाइक पार्सल बुक हुआ।
मदद मिलने पर उन्होंने भारत और रेलवे का धन्यवाद किया।
जागरण संवाददाता, बरेली। धन्यवाद रेलवे, धन्यवाद भारत। इजरायल निवासी युवक व युवती, बरेली से बेहतर अनुभव लेकर रवाना हुए। वे नार्थ ईस्ट जाना चाहते थे, लेकिन ट्रेन में टिकट पर बाइक की बुकिंग नहीं हो पा रही थी।
गुरुवार को रेल अधिकारियों ने कुछ ही देर में लोहित एक्सप्रेस में कन्फर्म टिकट कराई और आनलाइन पार्सल बुकिंग कर बाइक और सामान लोड करा गुवाहटी के लिए रवाना कर दिया। इजरायल के लियो ने रेलवे अधिकारियों को बताया कि वह इंजीनियर हैं। वह अपनी महिला दोस्त के साथ करीब चार महीने पहले भारत भ्रमण पर आए।
उन्होंने भारत में बाइक से दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, उत्तराखंड समेत कई शहरों की यात्रा की। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनके देश के एक साथी के साथ नार्थ ईस्ट में हादसा हो गया है। साथी के स्वजन इजरायल में हैं, लेकिन फ्लाइट बंद होने से उसकी मदद को नहीं आ सकते हैं। ऐसे में वह दोनों उसकी मदद के लिए निकले, परंतु ट्रेन का टिकट नहीं है।
दोपहर 12.15 बजे जंक्शन पर रेल अधिकारियों ने उनकी समस्या सुनी। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मो. इमरान ने उनके लिए लोहित एक्सप्रेस में टिकट कन्फर्म कराई और उनका सामान भी ट्रेन में बुक कराकर दोनों को रवाना किया। सीएमआइ ने बताया कि दोनों ने मदद करने पर उनका, रेलवे और भारत का धन्यवाद दिया।
यह भी पढ़ें- भ्रष्ट ठेकेदारों और इंजीनियरों पर नगर आयुक्त का हंटर! बरेली की 11 सड़कों के सैंपल फेल, पेमेंट रोकने के निर्देश
वाराणसी की संस्कृति आई पसंद लियो ने बताया कि वह भारत के कई शहरों की यात्रा कर चुके हैं। उन्हें वाराणसी सबसे अधिक पसंद आया। यहां की संस्कृति काफी अच्छी है। उन्होंने शिव मंदिर, गंगा नदी सहित कई स्थलों का भ्रमण किया। उन्होंने इजरायल और ईरान युद्ध के हालात जल्द ठीक होने की भी उम्मीद जताई।