अब मुंबई-बेंगलुरु ही नहीं, बरेली से इन रूटों पर भी उड़ेगा विमान; Indigo ने तैयार की फाइनल रिपोर्ट!
बरेली एयरपोर्ट से यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआइ) शहर को और प्रमुख शहरों से जोड़ने की तैयारी में है। इंडिगो की सेल्स ...और पढ़ें

इंडिगो एयरलाइंस
HighLights
इंडियो की सेल्स टीम के सर्वे में अब तक सामने आई यात्री मांग को लेकर रिपोर्ट
अभी मुंबई और बेंगलुरू के आगे नहीं बढ़ पा रही बरेली से उड़ान सेवाएं
अनूप गुप्ता, जागरण, बरेली। बरेली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआइ) अब शहर को देश के और प्रमुख शहरों से जोड़ने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। इसी कड़ी में इंडिगो एयरलाइंस की सेल्स टीम को नए रूट की संभावनाएं तलाशने के लिए सर्वे में लगाया गया है।
प्रारंभिक सर्वे रिपोर्ट में कोलकाता, सूरत और अमृतसर के लिए यात्रियों की सबसे अधिक मांग सामने आई है। इसके अलावा जयपुर और कुशीनगर जैसे धार्मिक व पर्यटन महत्व वाले शहरों के लिए भी उड़ान सेवाएं शुरू करने को लाभकारी माना जा रहा है। यदि सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो आने वाले दो से तीन महीनों में इंडिगो की नई उड़ानों की सौगात मिल सकती है।
एयरपोर्ट शुरू होने के बाद फिलहाल बरेली से केवल बेंगलुरु और मुंबई के लिए ही उड़ानें संचालित हो रही हैं। ये दोनों फ्लाइट सप्ताह में सात-सात चक्कर लगाती हैं और प्रत्येक विमान में 232 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। इस तरह पूरे सप्ताह में लगभग तीन हजार यात्रियों की ही आवाजाही संभव हो पा रही है। एयरपोर्ट अथारिटी अब इस संख्या को कई गुणा बढ़ाने की तैयारी में है।
अधिकारियों के अनुसार, इंडिगो की सेल्स टीम यह आकलन कर रही है कि बरेली से किन शहरों के लिए यात्रियों की डिमांड सबसे ज़्यादा है और कौन-से रूट आर्थिक रूप से व्यावहारिक साबित हो सकते हैं। सर्वे की अंतिम रिपोर्ट के आधार पर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को प्रस्ताव भेजा जाएगा। जुलाई तक पूरी प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी चल रही है।
खबरें और भी
नई उड़ान सेवाएं शुरू होने से न केवल यात्रियों को सुविधाजनक और समय बचाने वाला विकल्प मिलेगा, बल्कि एयरलाइंस के लिए भी राजस्व के नए रास्ते खुलेंगे। एयरपोर्ट अथारिटी का मानना है कि इससे बरेली एयरपोर्ट की गतिविधियों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।
दिल्ली के लिए उड़ान अभी अधर में, जेवर एयरपोर्ट से जगी उम्मीद
बरेली-दिल्ली हवाई सेवा शुरू करने के प्रयास लंबे समय से जारी हैं, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर बढ़ते ट्रैफिक के कारण नई उड़ानों को स्लाट नहीं मिल पा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद दिल्ली की कुछ उड़ानों का दबाव कम होगा। ऐसे में बरेली से दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरू करने की संभावना फिर से मजबूत हो सकती है। इसके अलावा नवी मुंबई के लिए भी उड़ान सेवा शुरू तो होनी है लेकिन इसके लिए भी अब तक औपचारिकताएं अधर में लटकी हुई हैं।
बरेली एयरपोर्ट से नए रूट पर उड़ान सेवाएं शुरू करने के लिए इंडिगो की सेल्स टीम सर्वे कर रही है। इसी के आधार पर यह तय होगा कि किन शहरों के लिए सेवा शुरू करना व्यावसायिक रूप से फायदेमंद रहेगा।- अवधेश अग्रवाल, निदेशक, एयरपोर्ट अथारिटी
यह भी पढ़ें- सावधान रेल यात्री! जम्मू रूट की कई ट्रेनें 31 मार्च के बाद भी रहेंगी निरस्त, चेक करें अपनी ट्रेन की नई लिस्ट