निकाह से पहले टूटा दूल्हे का हाथ: प्रधानी की रंजिश में खूनी संघर्ष, फौजी समेत 13 घायल
नवाबगंज के जरेली गांव में प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। लाठी-डंडे चले और फायरिंग भी हुई, जिसमें दूल्हा और एक फौजी स ...और पढ़ें

घायल दूल्हा कासिद रजा, असहर अब्बास और फौजी यमन अली
HighLights
थाना क्षेत्र के गांव जरेली में शुक्रवार को मारपीट, फायरिंग होने से मची अफरा-तफरी
संवाद सहयोगी, नवाबगंज (बरेली)। थाना क्षेत्र के जरेली गांव में प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। मौजूदा ग्राम प्रधान मुनाजिर और पूर्व ग्राम प्रधान अली रज़ा के स्वजन के बीच खूब लाठी डंडे चले और फायरिंग हुई। मारपीट में दूल्हा और एक फौजी सहित 13 लोग घायल हो गए।
सभी घायलों को सीएचसी भेजा गया। जहां एक की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें 28 लोगों को नामजद किया गया है। ग्राम प्रधान मुनाजिर का आरोप है कि उनका पुत्र अरजैन शुक्रवार को कोचिंग से लौटकर घर की गली में पहुंचा।
वहां पहले घात लगाए बैठे पूर्व प्रधान पक्ष के एक फौजी ने उसे रोककर तमंचे से फायर कर दिया। अरजैन बाल-बाल बचाा गोली की आवाज सुनकर दोनों ओर से लोग इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। वहीं पूर्व प्रधान अली रजा के भाई कमर अली का आरोप है कि ग्राम प्रधान के बेटे की बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी।
इसके बाद प्रधान के बेटे के साथ बाइक पर बैठे दो लोगों ने उनसे मारपीट की। शोर सुनकर पहुंचे उनके स्वजन को भी पीटा गया। मारपीट में प्रधान पक्ष के तस्लीम हैदर, मोहम्मद जैदी, अरमान हैदर, मुजीब हैदर, शादान, असद अब्बास तथा पूर्व प्रधान पक्ष के यमन अली (फौजी), कासिद रजा, चांद रजा, हसन अब्बास, अज़ीम हैदर और आकिल हुसैन घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
खबरें और भी
जहां असद अब्बास की हालत गम्भीर होने पर डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की तहरीर दोनों पक्षों की ओर से थाना नवाबगंज में दी गई है। कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
बरात से पहले टूटा दूल्हे का हाथ
मारपीट में पूर्व प्रधान पक्ष के कासिद रजा का हाथ टूट गया। 12 अप्रैल को उसकी बरात जानी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। अब उसे प्लास्टर लगे हाथ के साथ ही बरात ले जानी पड़ेगी।
गांव पहले भी गोली चलने से दो लोगों की हुई थी मौत
जरेली गांव पहले मारपीट और फायरिंग की बड़ी घटनाएं हुई है। पांच साल पहले गांव में एक पंचायत के दौरान बात न बनने पर हुए बवाल के बाद हुई फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। शुक्रवार हुई घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है।