छत पर सो रहे युवक की संदिग्ध हालात में मौत, हत्या की आशंका; मचा कोहराम
नवाबगंज में छत पर सो रहे वीरपाल उर्फ बब्लू (34) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह उसका शव चारपाई पर मिला। मां ने हत्या की आशंका जताई ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
नवाबगंज में युवक की छत पर संदिग्ध मौत।
मृतक की मां ने हत्या की आशंका जताई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेजा।
संवाद सूत्र, नवाबगंज। छत पर सो रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव सोमवार सुबह उसके घर की छत पर चारपाई पर पड़ा मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां ने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के ईध जागीर गांव के मोहल्ला प्रकाश नगर निवासी वीरपाल उर्फ बब्लू (34) दिल्ली में कपड़ों की सिलाई का काम करता था। उसका विवाह करीब दस वर्ष पहले रिठौरा के मोहनिया गांव की प्रभा से हुआ था। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, जिसके चलते प्रभा पिछले एक महीने से मायके में रह रही थी।
रविवार को वीरपाल उसे मायके से वापस अपने घर ले आया था। रविवार रात दोनों मकान की छत पर मच्छरदानी लगाकर सोए थे। शाम प्रभा का अपने सास ससुर से झगड़ा हो गया था। जिसके बाद ससुर नन्हेलाल और सास कमला घर के बाहर दरवाजे पर सो रहे थे। प्रभा का कहना है। कि सोमवार को सुबह के समय अचानक वीरपाल के सीने में तेज दर्द हुआ और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन छत पर पहुंचे तो वीरपाल चारपाई पर मृत पड़ा था।
घटना के बाद मृतक की मां कमला ने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया। उसकी मौत के बाद उसके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक अपनी पत्नी के साथ छत पर सो रहा था। उसकी तबियत खराब होने से उसकी मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।