बरेली से उत्तराखंड की यात्रा होगी आसान, नई रेल लाइनों के सर्वे को मिली मंजूरी
रेलवे बजट में बरेली से उत्तराखंड के लिए यात्रा आसान बनाने वाली कई नई रेल लाइनों और उन्नयन परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बरेली। रेलवे के बजट में प्रस्तावित योजनाएं धरातल पर उतरीं तो बरेली से उत्तराखंड के अलग-अलग शहरों में जाने वाले यात्रियों का सफर और आसान हो जाएगा। लोग बागेश्वर और रीठा साहिब तक ट्रेन से यात्रा कर सकेंगे।
रेलवे की पिंकबुक में टनकपुर से बागेश्वर तक नई नैरो गेज रेल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी मिल गई है। वहीं हल्द्वानी से रीठा साहिब तक भी नई रेल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी मिली है।
सर्वे के लिए बजट भी जारी किया गया है। इसके अलावा पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के अलावा अन्य मंडलों में नई रेल लाइन समेत अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की मंजूरी के साथ बजट भी जारी किया गया है।
पिंक बुक के अनुसार टनकपुर से बागेश्वर तक 158.58 किमी (किमी) की लाइन बिछाई जाएगी और इसके फाइनल लोकेशन सर्वे पर 28.95 करोड़ रुपये खर्च होंगे। टनकपुर-बागेश्वर तक नई लाइन के अपडेटिंग सर्वे को भी मंजूरी मिली है।
इसके अलावा हल्द्वानी से रीठा साहिब तक 35 किमी की नई लाइन के प्रारंभिक इंजीनियरिंग और ट्रैफिक सर्वे और 250 किमी लंबी रामनगर और चौखटिया तक नई लाइन और गैरसैंण तक विस्तार के प्रांरभिक इंजीनियर और ट्रैफिक सर्वे को भी मंजूरी मिली है।
इसके अलावा गैरसैंण तक होते हुए बागेश्वर और कर्ण प्रयाग तक 155 किमी की नई लाइन के इंजीनियरिंग और ट्रैफिक सर्वे को भी मंजूरी मिली है। इसके अलावा लालकुआं हल्दी रोड-पंतगर तक सात किमी की बाइपास लाइन, लालकुआं से काठगोदाम तक 22 किमी लाइन और लालकुआं से रामपुर तक 66 किमी की लाइन के दोहरीकरण का फाइनल लोकेशन सर्वे भी मंजूर हो गया है।
खबरें और भी
इसके अलावा भोजीपुरा से लालकुआं तक 65 किमी की लाइन के दोहरीकरण, सीतापुर सिटी जंक्शन से सीतापुर तक आठ किमी की तीसरी और चौथी लाइन के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे, भीरा खीरी से मैलानी तक 16 किमी लाइन के गैज में बदलाव, सीतापुर, मैलानी, पीलीभीत, बरेली तक 212 किमी लाइन के दोहरीकरण के फाइनल लोकेशन सर्वे को भी मंजूरी मिली है।
पलिया से बेलरायां तक 35 किमी की नई लाइन के भी इंजीनियरिंग और ट्रैफिक सर्वे को मंजूरी मिली है। वहीं बढ़नी से काठमांडू तक 359 किमी लंबी लाइन इंजीनियरिंग और ट्रैफिक सर्वे भी मंजूर किया गया है।
वहीं भोजीपुरा बरेली के बीच 19.31 किमी की ट्विन सिंगल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे को भी मंजूरी मिली है। किच्छा से खटीमा तक 57.7 किमी की नई लाइन के लिए 350.85 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। लखनऊ से पीलीभीत तक सीतापुर व लखीमपुर होते हुए 262.76 किमी की लाइन के गेज बदलाव के लिए 877 करोड़ रुपये का बजट मिला है।
पीलीभीत और शाहजहांपुर के बीच 84.09 किमी की लाइन के गेज में बदलाव के लिए 590 करोड़ रुपये और रोजा-सीतापुर-बुढ़वल की 180.77 किमी की लाइन के दोहरीकरण के लिए 1295 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है।
राय भोज से भीरा खीरी तक 120 किमी की लाइन, भीरा से मैलानी 16 किमी की लाइन के गेज में बदलाव, भोजीपुरा बाइपास लाइन सेंथल से देवरनियां 14 किमी को के फाइनल लोकेशन सर्वे को भी मंजूरी मिली है।
यह भी पढ़ें- घोटालेबाज चपरासी से जुड़े 38 खातों के 3.87 करोड़ फ्रीज बरेली के दो बिल्डर्स को ट्रांसफर किए 1.07 करोड़