Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पहले मथुरा, अब बरेली... जहां तैनात रहीं ये महिला XEN, वहीं गिर गई पानी की टंकी, शासन ने लिया बड़ा एक्शन

    Updated: Sat, 16 May 2026 06:24 AM (IST)

    बरेली में ओवरहेड टैंक गिरने के मामले में एक्सईएन कुमकुम गंगवार को निलंबित कर दिया गया है। उन पर मथुरा में भी तैनाती के दौरान लापरवाही के आरोप हैं, जिस ...और पढ़ें

    बरेली में ग‍िरी पानी की टंकी फाइल फोटो

    बरेली में ग‍िरी पानी की टंकी फाइल फोटो

    HighLights

    1. गोरखपुर के मुख्य अभियंता करेंगे जांच, झांसी मुख्य अभियंता कार्यालय से संबद्ध हुई कुमकुम

    जागरण संवाददाता, बरेली। जिले में जल जीवन मिशन परियोजना के तहत 15 माह पहले बने ओवरहेड टैंक के चार मई को गिरने के प्रकरण में शासन ने शुक्रवार को एक्सईएन कुमकुम गंगवार को भी निलंबित कर दिया। कुमकुम पर कर्तव्यों एवं दायित्व के सत्य निष्ठापूर्वक निर्वह्न न करने और मथुरा में भी जून-2024 में जलाशय गिरने के चलते गुणवत्ता में खामी के आरोप लगे हैं।

    आरोपों की जांच के लिए मुख्य अभियंता गोरखपुर विक्रम प्रताप सिंह को नामित किया गया है। निलंबन के साथ ही कुमकुम को मुख्य अभियंता जल निगम ग्रामीण झांसी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

    आंवला तहसील क्षेत्र स्थित सरदार नगर में 3.62 करोड़ से बनी पानी की टंकी चार मई को भरभराकर जमींदोज हो गई थी। हादसे में टंकी के नीचे छांव में बैठे पांच लोग भी घायल हो गए थे। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी के 15 माह में ही गिरने के बाद पूरी परियोजना पर सवाल खड़े हो गए थे।

    जल जीवन मिशन परियोजना (बरेली) - एक नजर में

    विवरण / घटक आंकड़े / जानकारी
    लक्षित राजस्व गांव 1,801 गांव
    पाइपलाइन की कुल लंबाई 8,652 किलोमीटर
    कुल पानी के कनेक्शन 4,63,581
    पंप हाउस की संख्या 890
    ओवरहेड टैंक (पानी की टंकी) 877
    ट्यूबवेल की संख्या 890
    कार्यदायी संस्था (कॉन्ट्रैक्टर) एनसीसी लिमिटेड, हैदराबाद

    मामले में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने हैदराबाद की एनसीसी लिमिटेड के विरुद्ध एफआइआर कराने के साथ अवर अभियंता (जेई) रूपचंद्र और सहायक अभियंता (एई) विपिन कुमार को निलंबित करने के आदेश जारी किए थे। साथ हीराज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।

    साथ ही कुमकुम गंगवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। माना जा रहा था कि प्रकरण में कभी भी एक्सईएन पर भी गाज गिर सकती है। शुक्रवार को जल निगम ग्रामीण के प्रबंध निदेशक डा. राजशेखर ने एक्सईएन कुमकुम गंगवार को निलंबित कर दिया। साथ ही आरोपों की जांच के लिए मुख्य अभियंता गोरखपुर विक्रम प्रताप सिंह को जांच सौंप दी।

    बरेली के साथ मथुरा में भी कर्तव्यों में लापरवाही पर गिरी गाज

    प्रबंध निदेशक जल निगम ग्रामीण डा. राजशेखर की ओर से जारी आदेश में कुमकुम गंगवार पर बरेली में कर्तव्यों एवं दायित्वों का सत्यनिष्ठापूर्वक निर्वहन न करने के साथ मथुरा में भी तैनाती के दौरान लापरवाही का आरोप लगा है।

    खबरें और भी

    शासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि 30 जून 2024 को मथुरा पेयजल पुनर्गठन योजना थू गोकुल बैराज पार्ट-1 निर्माण कार्यों में लापरवाही बरते जाने के कारण कृष्णा बिहार कालोनी में 2500 किली. की निर्मित शिरोपरि जलाशय क्षतिग्रस्त होकर गिर गया था।

    उस घटना में कार्यों की गुणवत्ता अधोमानक होने, कार्यों का सही ढंग से क्रियान्वयन न करने, विभाग को आर्थिक क्षति पहुंचाने, विभागीय एवं शासकीय निर्देशों का पालन न करने के आरोप में निलंबित किया गया।

    पूरी परियोजना पर उठे सवाल

    जिले में जल निगम ग्रामीण की ओर से वर्ष- 2019 में हर घर नल हर घर जल योजना शुरू की गई। इसके लिए हैदराबाद की एनसीसी लिमिटेड नई पाइपलाइन बिछाने के साथ हर घर नल-टोटी लगाने की जिम्मेदारी दी गई।

    परियोजना के तहत जिले के 1801 राजस्व गांव में पानी की लाइन डालने के साथ 888 ट्यूबवेल, 877 ओवर हेड टैंक, 851 सोलर प्लांट का काम किया जा रहा।

    दावा किया जा रहा है कि अब तक 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण कर लिया गया है, और दिसंबर-2027 तक परियोजना को पूर्ण कर लिया जाएगा मगर, जिम्मेदारों की लापरवाह कार्यशैली से पूरी परियोजना की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

    शाहजहांपुर के एक्सईएन को दी गई बरेली की अतिरिक्त जिम्मेदारी

    बरेली जल निगम ग्रामीण की एक्सईएन कुमकुम गंगवार के निलंबन के बाद शासन ने शाहजहांपुर में तैनात एक्सईएन शनि सिंह परमार को बरेली का अतिरिक्त प्रभार दिया है।

    मुख्य अभियंता जल निगम ग्रामीण बरेली-मुरादाबाद आरबी राम ने बताया कि शासन की ओर से कुमकुम गंगवार को निलंबित कर दिया गया है, अब उनकी जांच गोरखपुर के मुख्य अभियंता को दी गई है।

    यह भी पढ़ें- आंधी में टीनशेड पकड़ना पड़ा भारी, हवा में 50 फीट ऊपर उछल गए नन्हे मियां, इत्तेफाक से कैमरे में हुए कैद, तीन अन्य बचे