स्मार्टवॉच पड़ी फीकी! नौकरीपेशा लोगों में बढ़ा प्रीमियम और क्लासिक घड़ियों का क्रेज, देखें क्या है नया ट्रेंड
कलाई घड़ियां अब केवल समय बताने का साधन नहीं, बल्कि पहचान और स्टेटस सिंबल बन गई हैं। बरेली में नौकरीपेशा लोग प्रीमियम और क्लासिक एनालॉग घड़ियों को पसंद ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
एनालाग घड़ियों के साथ डिजिटल व स्मार्ट वाच की लंबी श्रृंखला
मनीस पांडेय, बरेली। कभी केवल समय देखने का साधन मानी जाने वाली कलाई घड़ी अब लोगों की पहचान, स्टाइल और स्टेटस का प्रतीक बन गई है। मोबाइल फोन में समय देखने की सुविधा होने के बावजूद घड़ियों का आकर्षण कम नहीं हुआ है। बल्कि स्मार्ट वाच और प्रीमियम ब्रांड की घड़ियों ने बाजार को नई गति दी है।
युवा वर्ग से लेकर महिलाएं, बच्चे और वरिष्ठ नागरिक तक अपनी पसंद और व्यक्तित्व के अनुरूप घड़ियां पहनना पसंद कर रहे हैं। बाजार में पारंपरिक एनालाग घड़ियों के साथ डिजिटल और स्मार्ट वाच की लंबी श्रृंखला उपलब्ध है। इनमें स्वास्थ्य संबंधी फीचर, कालिंग, मैसेज नोटिफिकेशन, फिटनेस ट्रैकिंग और जीपीएस जैसी सुविधाएं लोगों को आकर्षित कर रही हैं।

यही कारण है कि कई लोग महंगी घड़ियों पर हजारों से लेकर लाखों रुपये तक खर्च करने को तैयार हैं। घड़ी विक्रेता रमीज हाशमी का कहना है कि पहले लोग केवल समय देखने के लिए घड़ी खरीदते थे, लेकिन अब यह फैशन व स्टेटस का हिस्सा बन चुकी है। युवाओं में स्मार्ट वाच की मांग लगातार बढ़ रही है, जबकि क्लासिक डिजाइन वाली घड़ियों की भी अलग पहचान बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि महिलाएं कश्मीरी वाच, बैंगल वाच, ब्रेसलेट वाच को ज्यादा पसंद कर रही हैं। वहीं छोटे बच्चों के लिए डिजिटल घड़ियां पसंद बनी हुई हैं। घड़ी विक्रेता मोहम्मद हारिश शम्सी बताते हैं कि उपहार के रूप में भी घड़ियों की मांग बढ़ी है। शादी, जन्मदिन और अन्य खास अवसरों पर लोग ब्रांडेड घड़ियां उपहार में देना पसंद करते हैं।
खबरें और भी
उनके अनुसार डिजिटल तकनीक के दौर में भी अच्छी गुणवत्ता वाली घड़ियों की लोकप्रियता बरकरार है। व्यापारियों का कहना है कि बदलते समय के साथ घड़ियों का स्वरूप भले ही बदल गया हो, लेकिन कलाई पर सजी घड़ी आज भी व्यक्तित्व की पहचान और शान मानी जाती है।
500 से लेकर 80 हजार रुपये तक कीमत
बाजार में बिक रही एनालाग घड़ियों की रेंज ज्यादा है। जबकि स्मार्ट वाच भी बड़ी संख्या में विभिन्न कंपनियों की बिक रही है। घड़ी व्यवसायी रमीज ने बताया कि इसे पहनकर लोग अलग दिखना चाहते हैं, ऐसे में डिजाइनर घड़ियों की शुरुआती कीमत पांच हजार रुपये से है। कहा कि स्मार्ट वाच की सेल कम हुई है। स्मार्ट वाच किशोर उम्र वालों को ही ज्यादा पसंद आती है।
जबकि नौकरीपेशा व अन्य बड़ी उम्र के लोग एनालाग वाली डिजाइनर प्रीमियम घड़ियों की मांग करते हैं। बाजार में शाक प्रूफ घड़ियां भी मौजूद हैं, जो कि इतनी मजबूत हैं कि टूटती ही नहीं हैं। इसमें लगा सेल 10 साल तक चल जाता है। यह घड़ियां सात हजार से शुरू होकर दो लाख रुपये तक की रेंज में हैं।