बस्ती में झोलाछाप के इंजेक्शन से 14 साल के बच्चे की मौत, घटना के बाद आरोपी क्लीनिक बंद कर फरार
बस्ती के रुधौली में एक 14 वर्षीय किशोर की झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन लगाने के कुछ ही देर बाद मौत ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
रुधौली में 14 वर्षीय किशोर की इंजेक्शन से मौत।
झोलाछाप डॉक्टर इंजेक्शन लगाने के बाद हुआ फरार।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, रुधौली, बस्ती। झोलाछाप से इलाज कराने पहुंचे 14 वर्षीय किशोर की इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद हालत बिगड़ गई। स्वजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुधौली ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपित झोलाडाप क्लीनिक में ताला लगाकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रुधौली थाना क्षेत्र के नेवारबार निवासी 14 वर्षीय प्रशांत उर्फ रवि पुत्र पूर्णमासी रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी मां लीलावती के साथ नाना मेहीलाल के घर तिगोड़िया आया था।
मृतक के मामा अतुल ने बताया कि रक्षाबंधन के बाद उसकी बहन लीलावती घर लौट गई थी, जबकि प्रशांत नाना के घर ही रुक गया था। दो दिन से उसके दाहिने पैर में छोटे-छोटे दाने निकलने के साथ खुजली हो रही थी। शुक्रवार को स्वजन प्रशांत को नसीबगंज चौराहे पर स्थित झोलाछाप डॉक्टर सीके विश्वास के क्लीनिक पर लेकर पहुंचे।
आरोप है कि इलाज के दौरान डाक्टर ने अपने सहयोगी से इंजेक्शन में दवा भरवाकर प्रशांत को लगा दिया। इंजेक्शन लगने के करीब 10 मिनट बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। उसे उल्टी और चक्कर आने के साथ मुंह से झाग निकलने लगा।
गंभीर हालत में स्वजन उसे सीएचसी रुधौली ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।प्रशांत तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और हनुमानगंज क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। उसके पिता पूर्णमासी मुंबई में मजदूरी करते हैं।
प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
यह भी पढ़ें- बस्ती में खतरे के निशान के पार पहुंचा सरयू का पानी, विक्रमजोत के गांवों पर मंडराया बाढ़ का साया
सीएचसी प्रभारी डाॅ. आनंद मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। घटना के बाद संबंधित आरोपी फरार है। टीम गठित कर जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मामले में अहम साक्ष्य होगी। तहसील क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
