बस्ती में मुख्यमंत्री आवास योजना से 841 परिवारों को मिलेगा अपना घर, तीन सदस्यीय टीम करेगी पात्रता की जांच
बस्ती जिले में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 841 बेघर परिवारों को आवास मिलेगा। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बस्ती में 841 बेघर परिवारों को मिलेगा मुख्यमंत्री आवास।
योजना के तहत 1.20 लाख रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी।
पात्रता की जांच तीन सदस्यीय टीम द्वारा की जाएगी।
जागरण संवाददाता, बस्ती। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में जिले के 841 छत विहीन परिवारों को आवास की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसमें 477 सामान्य, 364 अनुसूचित जाति के परिवारों को लाभान्वित किया जाना है। जनपद को मिले लक्ष्य को ब्लाकवार आवंटित कर दिया गया है। सल्टौआ गोपालपुर विकास खंड को 61 तो अन्य सभी 13 विकास खंडों को 60-60 लाभार्थियों का लक्ष्य दिया गया है।
प्राकृतिक आपदा पीड़ितों, कुष्ठ रोगियों, दिव्यांगों, निराश्रित महिलाओं के लिए संचालित मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर बेघर परिवारों को आवास के लिए तीन किस्तों में सरकार वित्तीय मदद देती है। योजना के लिए पात्र पाए गए लोगों को कुल 1,20,000 रुपये की आर्थिक मदद की जाती है।
पहली किस्त के रूप में 40 हजार, दूसरी में 70 और अंतिम किस्त के रूप में 10 हजार रुपये आवास निर्माण के लिए दिए जाते हैं। आवास निर्माण के साथ-साथ मनरेगा के तहत 90 दिन की मजदूरी और स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के लिए अतिरिक्त धनराशि भी दी जाती है।
वित्त वर्ष 2026-27 में योजना के तहत 841 परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य मिला है। लक्ष्य को ब्लाकवार आवंटित कर दिया गया है। ब्लाक स्तर पर तैयार स्वीकृत प्रस्ताव को तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारी की टीम लाभार्थियों के पात्रता की जांच करेगी। इसके बाद जिले स्तर से रेंडम जांच की जाएगी। इसके बाद लाभार्थियों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
-आनन्द गुप्ता, परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण