भारत सरकार के प्रोजेक्ट के नाम पर 62 लाख की ठगी, ठग ने ड्रोन प्रोजेक्ट लगाने का दिया था झांसा
बस्ती में एक व्यक्ति ने खुद को ड्रोन इनोवेटर बताकर 62 लाख रुपये की ठगी की। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बस्ती। ड्रोन इनोवेटर बनकर करोड़ों के प्रोजेक्ट का सपना दिखाने और 62 लाख रुपये हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
थाना नगर क्षेत्र के तिनपेडिया निवासी चन्द्रभूषण मिश्र का आरोप है कि उनकी मुलाकात दिल्ली में महाराजगंज जनपद के कोठीभार (सिसवा बाजार) निवासी राहुल सिंह से हुई थी। राहुल ने खुद को ड्रोन इनोवेटर बताते हुए बड़े-बड़े प्रोजेक्ट, प्रभावशाली लोगों के साथ तस्वीरें और वीडियो दिखाकर भरोसा जीत लिया।
आरोप है कि राहुल सिंह ने एक दिन फोन कर बताया कि वह भारत सरकार के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले एक नए ड्रोन प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है, लेकिन उसका महत्वपूर्ण पार्ट खराब हो गया है। उसने तत्काल 62 लाख रुपये की जरूरत बताई। साथ ही रिसर्च कार्य के लिए मोबाइल फोन और लैपटॉप की मांग भी की।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी की बातों पर विश्वास कर उन्होंने दो मोबाइल फोन उपलब्ध कराए और 17 सितंबर 2025 को उसके बताए बैंक खाते में 62 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए, लेकिन समय बीतने के बाद भी न तो रकम वापस मिली और न ही कोई प्रोजेक्ट सामने आया।
खबरें और भी
पैसे वापस मांगे तो करने लगा टालमटोल
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा। इतना ही नहीं, प्रभावशाली लोगों के साथ तस्वीरें और वीडियो भेजकर दबाव बनाने तथा धमकाने का प्रयास भी किया गया। मामला पुलिस तक पहुंचने पर नगर थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यह है कि क्या ड्रोन प्रोजेक्ट के नाम पर रची गई यह कहानी महज एक बहाना थी या वास्तव में कोई तकनीकी परियोजना चल रही थी? इसका जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।