बस्ती: बाइक को टक्कर मारने के बाद ट्रक में जा भिड़ी कार, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष का बेटा समेत दो की मौत
बस्ती में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ज्ञानेंद्र पांडेय के पुत्र शिवांशु सहित दो युवकों की मौत हो गई, जबकि ...और पढ़ें
HighLights
बस्ती में भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत।
मृतकों में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष का पुत्र शिवांशु शामिल।
एक युवक गंभीर रूप से घायल, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, बस्ती। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगर क्षेत्र के बसहवा के पास बीती रात सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ज्ञानेंद्र पांडेय के पुत्र 27 वर्षीय शिवांशु और 22 वर्षीय संदीप कुमार प्रजापति निवासी पिलखाएं कप्तानगंज का नाम है।
हादसे में एक अन्य युवक तपिश मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस भीषण दुर्घटना के बाद से मृतकों के परिजनों और समर्थकों में कोहराम मचा हुआ है।
हादसा बुधवार और गुरुवार की देर रात करीब 12 बजे के आसपास हुआ। बस्ती से कप्तानगंज की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार पहले एक बाइक से टकराई। कार में शिवांशु और तपिश सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे एक ट्रक में जा घुसी।
दोनों युवकों की हो गई मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। अस्पताल में कार व बाइक सवार युवक ने दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में सवार शिवांशु व तपिश को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पुत्र समेत दो युवकों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक तपिश मिश्रा का इलाज अस्पताल में जारी है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नेताओं और शुभचिंतकों की अस्पताल व मृतकों के आवास पर भारी भीड़ जुट गई।
खबरें और भी
युवा नेताओं की इस आकस्मिक और दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सीओ कलवारी प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश सहित आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।