सीएम योगी बस्ती को देंगे 504 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, 30 का शिलान्यास और 47 का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बस्ती के हर्रैया में 504.34 करोड़ रुपये की 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इनमें हर्रैया और कप्तानगंज व ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री करेंगे 30 परियोजनाओं का शिलान्यास व 47 का लोकार्पण।
HighLights
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बस्ती के हर्रैया में।
504.34 करोड़ की 77 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास।
शिक्षा, सड़क, पर्यटन, स्वास्थ्य में मिलेगा लाभ।
जागरण संवाददाता, बस्ती। हर्रैया में आयोजित कार्यक्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुल 77 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इनमें 30 परियोजनाओं का शिलान्यास व 47 का लोकार्पण किया जाना है। हर्रैया और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों में कुल 504.34 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा।
हर्रैया विधानसभा में 85.54 करोड़ रुपये की 22 नई परियोजनाओं का शिलान्यास और 275.76 करोड़ रुपये की 30 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा। वहीं कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में 62.08 करोड़ रुपये की आठ परियोजनाओं का शिलान्यास और 80.96 करोड़ रुपये की पूर्ण हो चुकी 17 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा।
हर्रैया विधानसभा में जिन प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास होगा, उनमें मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय (पीएमश्री) हर्रैया का निर्माण, चंद्रपलिया शंकरपुर मार्ग के अवशेष भाग का चौड़ीकरण व सुदृढीकरण, ग्राम पंचायत धरमपुर ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण, त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत परशुरामपुर के मदनपुर स्थत टावर के समीप नंदनगर नवादा मार्ग का उदयपुर तक निर्माण शामिल है।
इसके साथ ही, विक्रमजोत में नगरा काली मंदिर से कोटिया राम जानकी मंदिर तक पिच रोड का निर्माण, विक्रमजोत के ग्राम पंचायत औरंगाबाद से हंसराजपुर तक पिच रोड निर्माण, विकासखंड विक्रमजोत के जैतपुर में आबादी के दक्षिण बंधा होते हुए ब्रह्म बाबा रमवापुर दक्षिण तक निर्माण, हर्रैया के बड़हर कला में काशी के घर से पारस पांडेय के घर तक पिच रोड,विकास खंड हर्रैया में सागर प्रधान के खेत से ठाकुर प्रसाद वर्मा के घर तक पिच रोड का निर्माण शामिल है।
खबरें और भी
इसी प्रकार पूर्वांचल विकास निधि से करनपुर में राजमणि शुक्ला के चक से केवट बस्ती होते हुए रविंद्रनाथ के पीछे तक नव निर्माण कार्य, सहारनपुर में खानन सिंह के घर से हनुमान मंदिर होते हुए हरिजन बस्ती तक पिच व वीसी रोड तक निर्माण कार्य, विकास खंड के विक्रमजोत ब्लॉक परिसर में आवासीय भवनों का निर्माण कार्य आदि शामिल है।
कप्तानगंज विधानसभा में शिलान्यास के तहत गोटवा-ऊंजी मार्ग, ललहवा-बाबा राम निहाल दास मार्ग, पैकोलिया-शिवाघाट मार्ग के चौड़ीकरण, बाबा भारी नाथ शिव स्थल के पर्यटन विकास, ग्रामीण संपर्क मार्ग और सिंचाई परियोजनाएं प्रमुख हैं।
लोकार्पण होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में राजकीय पॉलिटेक्निक हर्रैया, राजकीय महाविद्यालय भवन, अनेक प्रमुख मार्गों का निर्माण व चौड़ीकरण, सिंचाई एवं बाढ़ सुरक्षा कार्य, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, छात्रावास, पर्यटन विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
कप्तानगंज विधान सभा क्षेत्र में नगर पंचायत कप्तानगंज के कार्यालय भवन, वेलकम मंडप, विभिन्न ग्रामीण संपर्क मार्ग, सड़क चौड़ीकरण, पर्यटन विकास, स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण और सिंचाई परियोजनाएं शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से दोनों विधानसभा क्षेत्रों में सड़क संपर्क, शिक्षा, पर्यटन, सिंचाई, स्वास्थ्य और शहरी व ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी, साथ ही क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
हर्रैया में दोपहर 12.20 बजे पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को जिले के हर्रैया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परिसर में बने हेलीपैड पर दोपहर 12.20 बजे पहुंचेंगे। यहां से करीब सौ मीटर दूर कार्यक्रम स्थल पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर 12.25 पर पहुंचेंगे।
इसी स्थान पर मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय का शिलान्यास व भूमि पूजन करेंगे। इस दौरान वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे। 1.30 बजे तक हर्रैया व कप्तानगंज विधान सभा क्षेत्र के 77 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। 1.35 बजे वह वापस लौट जाएंगे।