बस्ती में पूर्व विधायक संजय जायसवाल से 38.25 लाख की ठगी, धन दोगुना करने का लालच पड़ा भारी
बस्ती में पूर्व भाजपा विधायक संजय प्रताप जायसवाल 38.25 लाख रुपये की ठगी का शिकार हो गए, जालसाजों ने उन्हें धन दोगुना करने का झांसा दिया था। पुलिस ने म ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
पूर्व विधायक संजय जायसवाल 38.25 लाख की ठगी का शिकार।
जालसाजों ने धन दोगुना करने का झांसा देकर ठगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, आरोपी फरार।
जागरण संवाददाता, बस्ती। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब जन प्रतिनिधि भी उनके निशाने पर हैं। ताजा मामला भाजपा के पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल से जुड़ा है, जो जालसाजों की चिकनी-चुपड़ी बातों में आकर ठगी का शिकार हो गए। धन दोगुना करने का झांसा देकर जालसाजों ने पूर्व विधायक से कुल 38.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई है।
करोड़ो की रकम हथिया कर आरोपित दुबई फरार बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कथित एसबीजी ग्लोबल कंपनी संस्थापक .अनिल यादव निवासी ब्रहमस्थान मां वैष्णो गैरज हाल थाना कोतवाली, आजमगढ़ ने पूर्व विधायक से संपर्क कर उन्हें एक ऐसी योजना के बारे में बताया जिसमें निवेश करने पर कम समय में पैसा दोगुना होने का दावा किया गया था।
शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए आरोपित ने उन्हें मुनाफे का प्रलोभन दिया। झांसे में आकर पूर्व विधायक ने अलग-अलग किश्तों में कुल 38.25 लाख रुपये उसके द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। समय पूरा होने पर फर्जीवाड़े की पोल खुली। जब निवेश की गई राशि और उस पर मिलने वाले मुनाफे की वापसी का समय आया, तो आरोपित ने टाल-मटोल करना शुरू कर दिया।
कुछ समय बाद उनके मोबाइल नंबर बंद आने लगे और उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया। ठगी का अहसास होने पर पूर्व विधायक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अन्य तमाम लोग भी इसी कंपनी की ओर से निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी के शिकार बताए जा रहे हैं।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में अवैध खनन रोकने गई राजस्व टीम पर हमला, वाहन छुड़ाए कर किया पीछा
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है ताकि उन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों को ट्रैक किया जा सके, जिनका उपयोग इस वारदात में किया गया है।
इस संबंध में पूछे जाने पर शहर कोतवाल मोतीचंद राजभर ने बताया कि पूर्व विधायक संजय जायसवाल की तहरीर पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिस खाते में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उन्हें फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की विवेचना एसआइ अजय कुमार यादव को दे दी गई है।
आम जनता के लिए सबक
यह घटना इस बात का प्रमाण है कि ठग किसी को भी अपना निशाना बना सकते हैं। पुलिस ने एक बार फिर अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आकर पैसा दोगुना करने या अत्यधिक मुनाफे वाली फर्जी योजनाओं में निवेश न करें। अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने के लिए केवल मान्यता प्राप्त वित्तीय संस्थानों पर ही भरोसा करें।
हमारे साथ ही नहीं कई निवेशकाें के साथ एसबीजी ग्लोबल कंपनी संस्थापक अनिल यादव ने करोड़ों ठगी कर देश छोड़ कर दुबई फरार हो गया है। डालर के रूप में अपनी अंतरराष्ट्रीय कंपनी में निवेश कराकर 20 माह में तीन गुना धन देने का प्रलोभन देकर लोगों से ठगी करता था। इसकी शिकायत सीएम से भी की गई है।
-संजय प्रताप जायसवाल, पूर्व विधायक भाजपा