विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौन हैं हरीश द्विवेदी? जिन्हें BJP ने राष्ट्रीय महामंत्री की दी जिम्मेदारी, छात्र राजनीति से शुरू हुआ था सियासी सफर

Updated: Mon, 17 Aug 2026 05:49 PM (IST)

पूर्व सांसद और असम के प्रभारी हरीश द्विवेदी को भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। छात्र राजनीति से शुरुआत कर वे दो बार बस्ती से सांसद रहे।

हरीश द्विवेदी

 हरीश द्विवेदी

HighLights

  1. हरीश द्विवेदी भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त।

  2. बस्ती से दो बार लोकसभा सांसद रहे।

  3. वर्तमान में असम भाजपा के प्रभारी का दायित्व।

जागरण संवाददाता, बस्ती। असम के प्रभारी व पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी का पार्टी में कद लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में 14 अगस्त को राजस्थान में होने वाले निकाय चुनावों के लिए प्रभारी बनाए गए हरीश द्विवेदी को अब भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है।

हरीश चंद्र उर्फ हरीश द्विवेदी भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं लोकप्रिय नेता हैं। वे बस्ती लोकसभा सीट से 16वीं (2014) एवं 17वीं (2019) लोकसभा के सदस्य रहे हैं। वर्तमान में वे असम भाजपा के प्रभारी के रूप में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की। वर्ष 1991 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़कर उन्होंने संगठनात्मक कार्यों की शुरुआत की।

वे 1993 से 1995 में बस्ती के जिला प्रमुख रहे। 1994 से 1996 में वे भाजयुमो के प्रदेश सह मंत्री, 2006 से 2010 तक प्रदेश उपाध्यक्ष व 2010–2013 भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रहे। उन्होंने 2012 में बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा, पर सफलता नहीं मिली। 2014 में बस्ती लोकसभा सीट से पहली बार सांसद निर्वाचित हुए।

2019 में वह पुन: बस्ती लोकसभा सीट से सांसद निर्वाचित हुए। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव के रूप में संगठन को अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में असम भाजपा के प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण संगठनात्मक दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बस्ती में IPS अधिकारी के पिता की हत्या मामले में सजा, नौ दोषियों को 10 साल की जेल