Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    UP SI Exam: पहले दिन की परीक्षा से पूर्व ही 2333 अभ्यर्थियों ने मानी हार, बस्ती में सेंटरों पर रहा पुलिस का पहरा

    Updated: Sat, 14 Mar 2026 07:02 PM (IST)

    बस्ती में दारोगा भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। पहले दिन 8640 में से 2333 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जिसमें पहली पाली में 1187 और दूसरी में ...और पढ़ें

    पहले दिन 2333 अभ्यर्थियों ने बनाई दूरी।

    पहले दिन 2333 अभ्यर्थियों ने बनाई दूरी।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, बस्ती। दारोगा (सब-इंस्पेक्टर) पद के लिए बहुप्रतीक्षित भर्ती परीक्षा शनिवार को कड़ी सुरक्षा और चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच शुरू हुई। परीक्षा में पहले दिन 2333 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी, पहली पाली में 1187 और दूसरी पाली में 1146 ने परीक्षा नहीं दी। पहले दिन कुल 8640 में से 6307 अभ्यर्थी शामिल हुए।

    सुबह नौ बजे व दोपहर एक बजे से दो पाली में परीक्षा प्रारंभ हुई। इसमें वाराणसी, अयोध्या, महराजगंज, बहराइच जनपदों के अभ्यर्थी शामिल हुए। पहले दिन ही जिले में अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति का बड़ा आंकड़ा सामने आया।

    प्रशासन की मुस्तैदी के कारण पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या नकल की सूचना नहीं मिली। दारोगा भर्ती परीक्षा को लेकर जिले में गहमागहमी का माहौल रहा।

    केंद्र पर पहुंचे परीक्षार्थियों में वाराणसी, अयोध्या, महराजगंज और बहराइच जैसे दूर-दराज के जिलों के अभ्यर्थी शामिल थे। सुबह की पाली की परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले ही केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लग गई थीं।

    ट्रेन और बसों के जरिए आए परीक्षार्थियों के कारण रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर भी सुबह से ही काफी भीड़ देखी गई। अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान ने बताया कि 17 केंद्रों पर दोनों पालियों के लिए आवंटित कुल परीक्षार्थियों में से 2333 परीक्षार्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे।

    अनुपस्थित रहने वाले परीक्षार्थियों के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन माना जा रहा है कि परिवहन की समस्या या अन्य भर्ती परीक्षाओं में चयन होने के कारण अभ्यर्थियों ने दूरी बनाई होगी।

    परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था और सभी केंद्रों पर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार गश्त करते रहे। नकल की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी गई है।

    सुरक्षा का घेरा: परिंदा भी नहीं मार सका पर

    परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद दिखा। उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी ने परीक्षा केंद्र शिवहर्ष उपाध्याय किसान इंटर कॉलेज व शिवहर्ष उपाध्याय किसान डिग्री कॉलेज का निरीक्षण किया।

    खबरें और भी

    जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योस्ना व पुलिस कप्तान डॉ. यशवीर सिंह ने जिले के नियंत्रण कक्ष व परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। सेंटर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती रही।

    मुख्य द्वार पर ही अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई। मोबाइल, घड़ी, बेल्ट और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को अंदर ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। अभ्यर्थियों का प्रवेश बायोमेट्रिक मिलान और थंब इम्प्रेशन के बाद ही सुनिश्चित किया गया। साथ ही परीक्षा हाल की गतिविधियों पर कंट्रोल रूम से सीधे सीसी कैमरे के जरिए नजर रखी गई।

    यह भी पढ़ें- UP SI Exam 2026: यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा आज से, एग्जाम गाइडलाइंस टाइम शिफ्ट पैटर्न सहित पूरी डिटेल करें चेक

    यह भी पढ़ें- UP SI Paper Leak: UPPRB ने यूपी पुलिस एसआई शिफ्ट 1 पेपर लीक की खबरों को बताया फर्जी, ट्वीट कर साझा की डिटेल