भदोही में 400 केवीए ट्रांसफार्मर में आई खराबी, तीन वार्डों की बिजली 24 घण्टे से गुल
गोपीगंज नगर के तीन वार्डों में 400 केवीए ट्रांसफार्मर खराब होने से शनिवार रात से बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और पेयजल संकट का सामना ...और पढ़ें

400 केवीए ट्रांसफार्मर में आई खराबी। AI जेनरेटेड फोटो
HighLights
गोपीगंज में 400 केवीए ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली ठप।
तीन वार्डों में भीषण गर्मी और पेयजल संकट से लोग परेशान।
नगर पालिका अध्यक्ष ने ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगवाने का दिया आश्वासन।
जागरण संवाददाता, लालानगर (भदोही)। गोपीगंज नगर के बस स्टैंड पर स्थित 400 केवीए क्षमता का विद्युत ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से तीन वार्डों की बिजली आपूर्ति शनिवार देर रात से ठप हो गई।
रविवार को सुबह बिजली विभाग के कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर को ठीक कर चालू करने का प्रयास किया, लेकिन उसमें से धुआं निकलने लगा। इसके बाद किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए ट्रांसफार्मर को तत्काल बंद कर दिया गया।
बिजली आपूर्ति ठप होने से प्रभावित वार्डों के लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पेयजल संकट के साथ-साथ घरेलू और व्यावसायिक कार्य भी प्रभावित रहे।
स्थानीय निवासी रियाज खान, अनूप यादव, पवन, बच्चा सहित अन्य लोगों ने नगर पालिका अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता से मुलाकात कर तत्काल ट्राली ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की मांग की।
नगर पालिका अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि नगर पालिका का ट्रॉली ट्रांसफार्मर फिलहाल ज्ञानपुर बिजली विभाग के पास है। उसे वापस मंगाकर प्रभावित क्षेत्र में लगवाया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके।
टइस संबंध में विद्युत उपखंड के अवर अभियंता (जेई) से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। खबर लिखे जाने तक ट्राली ट्रांसफार्मर मौके पर नहीं पहुंच पाया था और प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई।