आजीवन कारावास की सजा काट चुके औराई के पूर्व विधायक पर जमीन कब्जा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज
भदोही में औराई के पूर्व विधायक उदयभान सिंह उर्फ डॉक्टर पर जमीन कब्जाने और निर्माण रोकने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आपराधिक अतिचार औ ...और पढ़ें

भदोही में पूर्व विधायक उदयभान सिंह पर जमीन कब्जाने का आरोप मुकदमा दर्ज।
HighLights
पूर्व विधायक उदयभान सिंह पर जमीन कब्जाने का आरोप।
आपराधिक अतिचार और धमकी देने का मुकदमा दर्ज।
पूर्व विधायक ने आरोपों को छवि धूमिल करने की साजिश बताया।
जागरण संवाददाता, भदोही। सत्ताइस साल पहले तिहरे हत्याकांड में आजीवन कारावास और गैंग्सटर मामले में दस साल की सजा काट चुके औराई के पूर्व विधायक उदयभान सिंह उर्फ डाक्टर पर जमीन पर अवैध कब्जा और निर्माण कार्य रोकने के आरोप में आपराधिक अतिचार और आपराधिक धमकी की धारा में गोपीगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
गोपीगंज बघेल छावनी निवासी सुमनलता सिंह व कामिनी रजवार की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कहा कि आरोपों की जांच होगी, जिन लोगों ने मौके पर तार, ताला आदि लगाया है उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। मामले की सीओ सदर जांच कर रहे हैं।
दोनों महिलाओं ने तहरीर में कहा कि पूर्व विधायक ने उनकी पैतृक भूमि आराजी नंबर 323 में बने गेट का ताला तोड़कर अपना ताला लगा दिया। दिसंबर 2025 में शुरू हुए भवन निर्माण कार्य को भी जबरन रुकवा दिया था। यह उनकी वंशानुगत संपत्ति है, जो उनके पिता स्वर्गीय वीरेंद्र बहादुर सिंह बघेल की है। उनके निधन के बाद राजस्व अभिलेखों में उनका नाम दर्ज हो चुका है।
इस आराजी में उनके परिवारवालों के मकान और दुकानें बनी हैं। उनके पिता ने हाईवे की तरफ छह दुकानें बनवाई थीं, जिनमें से तीन बेची जा चुकी हैं और शेष तीन किराए पर हैं, उसका किराया भी उन्हें मिल रहा है। इन दुकानों के पीछे दक्षिण तरफ नौ फीट ऊंची चारदीवारी बनाकर एक गेट लगाया गया था। उसी परिसर में सबमर्सिबल पंप लगवाया है।
खबरें और भी
कुछ माह पूर्व निर्माण कार्य चल रहा था उसी दौरान पूर्व विधायक ने उनके मजदूरों को डरा-धमकाकर काम रुकवा दिया और चेतावनी दी कि उनकी अनुमति के बिना कोई निर्माण नहीं होगा। बाद में गेट का ताला तोड़कर अपना ताला लगा दिया।
उधर इन आरोपों पर पूर्व विधायक उदयभान उर्फ डाक्टर सिंह ने कहा कि उनके पिता ने जमीन की रजिस्ट्री कराई है। सरकारी अभिलेखों में उनका नाम दर्ज है। उनकी छवि को धूमिल करने के लिए विरोधियों द्वारा साजिश करके मुकदमा दर्ज कराया गया है।