बिजनौर में तिराहे पर नहीं लगाए यातायात संकेतक, वाहन चालकों को उठानी पड़ रही परेशानी
जसपुर मार्ग पर बनैली नदी का पुल क्षतिग्रस्त होने से यातायात बंद है, जिससे वाहन चालकों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। भूतपुरी तिराहे पर संकेतक बोर्ड न ...और पढ़ें

भूतपुरी-जसपुर मार्ग पर स्थित बनैली नदी के पुल को बंद करने को बनाई गई दीवार। जागरण
HighLights
बनैली नदी का पुल क्षतिग्रस्त, यातायात पूरी तरह बंद।
भूतपुरी तिराहे पर संकेतक बोर्ड न होने से परेशानी।
संवाद सूत्र, भूतपुरी (बिजनौर)। जसपुर मार्ग पर बनैली नदी का पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया है। उधर, भूतपुरी तिराहे पर किसी प्रकार का संकेतक बोर्ड न लगाए जाने से वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
अनजान वाहन चालक पुल तक पहुंचने के बाद वापस लौटने को मजबूर हो रहे हैं। हालांकि पुलिस प्रशासन द्वारा भूतपुरी तिराहे पर बैरिकेडिंग की गई है, लेकिन स्पष्ट सूचना न होने के कारण बाहर से आने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पुल बंद होने के चलते अब वाहन चालकों को अफजलगढ़ व गांव बादीगढ़ होकर जसपुर जाना पड़ रहा है। इससे करीब आठ से दस किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
वहीं हाल ही में पुल की अप्रोच रोड की मिट्टी खिसकने से सड़क टूट गई, जिसके बाद प्रशासन ने पुल को ईंटों की दीवार लगाकर पूरी तरह बंद कर दिया। लोक निर्माण विभाग ने अब पुराने पुल को पूरी तरह जर्जर मान लिया है और उसकी मरम्मत न कराने का निर्णय लिया है। ऐसे में क्षेत्रीय लोगों और वाहन चालकों को नए पुल के निर्माण पूरा होने तक लंबा इंतजार करना पड़ेगा।
लोक निर्माण विभाग के जेई रवि कश्यप ने बताया कि भूतपुरी तिराहे पर जल्द ही पुल क्षतिग्रस्त होने संबंधी संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुराने पुल की अब मरम्मत नहीं कराई जाएगी। नए पुल का निर्माण कार्य चल रहा है।