Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    UP Flood : मेरठ-पौड़ी हाईवे पर आया मालन नदी का पानी, यातायात रोका, 100 मीटर तक बहा तटबंध

    Updated: Thu, 07 Aug 2025 08:40 PM (IST)

    Bijnor News बिजनौर में गंगा और मालन नदी के उग्र रूप के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। मालन नदी का तटबंध टूटने से पानी मेरठ-पौड़ी हाईवे पर आ गया जिसके ...और पढ़ें

    बिजनौर के गांव हमीदपुर के सामने तटबंध की मरम्मत करते श्रमिक। जागरण
    बिजनौर के गांव हमीदपुर के सामने तटबंध की मरम्मत करते श्रमिक। जागरण

    HighLights

    1. खतरे के निशान से सटकर बह रही गंगा
    2. खादर में मालन की बाढ़ से नहीं राहत
    3. छत पर रात गुजार रहे हैं ग्रामीण

    जागरण संवाददाता, बिजनौर। गंगा और मालन नदी के रौद्र रूप के सामने प्रशासन की सारी व्यवस्थाएं धराशायी हो गई हैं। मंगलवार रात टूटे तटबंध की मरम्मत न होने की वजह से 24 घंटे में ही मालन का पानी मेरठ-पौड़ी हाईवे पर आ गया। प्रशासन ने यहां से वाहनों का प्रवेश बंद करा दिया। मालन का पानी अभी गांवों में होकर बह रहा है। तटबंध की 100 मीटर तक मिट्टी कटकर मालन में बह चुकी है। 40 घंटे में प्रशासन केवल कुछ मीटर में ही बल्लियां लगा पाया है।

    हमीदपुर के सामने मालन पर बना तटबंध टूटा

    मंगलवार आधी रात को गांव हमीदपुर के सामने मालन पर बना तटबंध टूट गया था। तटबंध टूटते ही प्रशासन ने इसकी मरम्मत शुरू करा दी थी। सिंचाई विभाग के अधिकारियों के सामने चल रहे इस काम में तटबंध की जितनी मरम्मत हुई उससे ज्यादा वह कटता गया। तटबंध में जो मिट्टी डाली वह भी बह गई। गुरुवार तक तटबंध लगभग 100 मीटर तक कट चुका था और अभी कटान जारी है।

    तटबंध को ठीक करने को बल्लियां लगाई जा रहीं

    प्रशासन द्वारा तटबंध को ठीक करने के लिए बल्लियां लगाई जा रही हैं। इनमें रेत से भरे बोरे डाले जाएंगे, लेकिन अभी बोरे भरने का काम शुरू नहीं हो पाया है। मालन का पानी अभी तटीय दो दर्जन गांवों में होकर बह रहा है। इन गांवों के लोग दिन में तो घर या सड़क में रहते हैं, लेकिन रात छत पर सोकर गुजार रहे हैं। बुधवार रात को एक बजे मालन का पानी मेरठ-पौड़ी हाईवे पर बैराज रोड पर सैनी ढाबे के सामने से उतरने लगा।

    हाईवे पर लगभग 500 मीटर तक मालन का पानी उतर रहा

    हाईवे पर लगभग 500 मीटर तक मालन का पानी उतर रहा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी। रोडवेज बस व बाकी वाहनों को वाया गजरौला से होकर निकाला जा रहा है। बुधवार रात को गंगा में 4.01 लाख क्यूसेक पानी बह रहा था, लेकिन आधी रात के बाद गंगा में पानी थोड़ा कम होना शुरू हुआ। गुरुवार शाम चार बजे तक गंगा में 2.39 लाख क्यूसेक पानी बह रहा है। गंगा खतरे के निशान से लगभग सटकर बह रही है।

    खबरें और भी

    सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ब्रजेश मौर्य ने बताया कि मालन में अभी भी काफी पानी आ रहा है। हालांकि गंगा का पानी पहले से काफी कम हुआ है। अभी भीमगौड़ा बैराज से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की कोई सूचना नहीं है। गंगा खतरे के निशान से थोड़ा नीचे आ गई है।