Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिजनौर में सड़क हादसों में दो युवकों की मौत, कई लोग हुए घायल; क्षतिग्रस्त कार को काटकर चालक का शव बाहर निकाला

    By Navneet Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Thu, 23 Jul 2026 03:59 PM (IST)

    Bijnor News: बिजनौर में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे स्योहारा और नूरपुर क्षेत्र में हुए। ...और पढ़ें

    विशाल का फाइल फोटो।

    विशाल का फाइल फोटो।

    HighLights

    1. स्योहारा में कार-ट्रैक्टर ट्रॉली टक्कर में चालक की मौत।

    2. दौलतपुर बिल्लोच गांव के निकट हादसे में युवक की गई जान।

    जागरण संवाददाता, बिजनौर। जिले में हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।

    स्योहारा क्षेत्र के गांव श्यामाबाद के निकट सड़क हादसे में लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे कार के टकराने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।

    बुधवार रात कार लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार को काटकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

    मृतक की पहचान इसराईल (20) पुत्र इरशाद, निवासी ग्राम सदाफल स्योहारा के रूप में हुई। जबकि लतीफ अहमद (29) पुत्र रफीक, समीर (16) पुत्र शमीम अहमद, शाहनूर (21) पुत्री अनवर हुसैन तथा आदिल (22) पुत्र यूसुफ, निवासीगण ग्राम सदाफल, गंभीर रूप से घायल हो गए।

    उधर नूरपुर क्षेत्र में मुरादाबाद हाइवे पर बुधवार की देर रात दौलतपुर बिल्लोच गांव के निकट अज्ञात वाहन की चपेट में आकर रहटी जागीर निवासी विशाल (35) की मौत हो गई। स्वजन के अनुसार युवक किसी कार्य से गोहावर से अपने गांव लौट रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। युवक अविवाहित था तथा उसने हेलमेट नही लगाया था।

    खबरें और भी

    युवती ने जहरीला पदार्थ निगला

    अफजलगढ़ : क्षेत्र के गांव निवासी 32 वर्षीय युवती अविवाहित है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक घर में उसकी तबीयत बिगड़ गई, स्वजन ने पूछताछ की तो पता लगा कि युवती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। बताया गया है कि युवती का घर में स्वजन से झगड़ा हो गया था, जिसके बाद उसने यह कदम उठा लिया।

    स्वजन युवती को सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसका उपचार किया। उपचार के बाद उसकी हालत में कुछ सुधार हुआ, उसका उपचार चल रहा है। स्वजन ने इस संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी। थानाध्यक्ष मृदुल कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है, अगर इस मामले में कोई तहरीर आती तो कार्रवाई की जाएगी।