पोस्टमार्टम में खौफनाक सच आया सामने: गुलदार के हमले में नहीं गई वृद्धा की जान, गला दबाकर व पसलियां तोड़कर की गई हत्या
Bijnor News:बिजनौर में खेत में मृत मिली 65 वर्षीय वृद्धा वीरवती की मौत गुलदार के हमले से नहीं हुई थी, बल्कि गला घोंटकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिप ...और पढ़ें

वीरवती का फाइल फाेटो।
HighLights
खेत में पड़ा मिला था वीरवती का शव।
बिजनौर पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। सोमवार को खेत में चारा लेने गई वृद्धा की मौत गुलदार के हमले में नहीं हुई थी। वृद्धा की गला घोंटकर हत्या की गई थी। उसके साथ मारपीट कर पसलियां भी तोड़ दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह सच सामने आया है। स्वजन ने पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। उधर, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव अजुपुरा जट निवासी 65 वर्षीय वीरवती सोमवार शाम को खेत से गन्ने के पत्ते उतारने गई थी। काफी देर तक वह नहीं लौटी तो उसका बेटा मनीराम उसकी तलाश में गया। खेत में वीरवती का शव पड़ा मिला। स्वजन व ग्रामीणों ने गुलदार द्वारा वीरवती को मारने का शोर मचा दिया। उन्होंने गुलदार (तेंदुआ) द्वारा वीरवती का शव खाने का दावा भी किया।
स्वजन और ग्रामीणों का कहना था कि कई दिन से गुलदार देखा गया था। गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ने खेतों में पिंजरा भी लगाया था लेकिन कामयाबी नहीं मिली थी। पिंजरे को चार दिन पहले हटा भी दिया था। लेकिन, वन विभाग की टीम ने जांच के बाद दावा किया था कि मौत गुलदार (Leopard) के हमले में नहीं हुई है।
वृद्धा के शरीर पर गुलदार के नाखून या दांत का कोई निशान नहीं था। शव को खाया भी नहीं गया था। मृतका के हाथ पर ही चोट के निशान थे। मुंह पर भी खून लगा हुआ था। विरोधाभास के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मंगलवार दोपहर वीरवती के शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण चौंकाने वाला आया।
खबरें और भी
वीरवती गुलदार के हमले में नहीं मरी है। उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। वृद्धा की पसलियां भी टूटी हुई है। इससे पता चला है कि उसके पेट पर पैर के घुटने या किसी भारी चीज से वार किया गया है। देर शाम स्वजन ने गंगा घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर कर दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने हत्या के एंगल पर जांच शुरू कर दी है। सीओ चांदपुर देश दीपक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अभी स्वजन अंतिम संस्कार में लगे हैं। उसके बाद तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।