Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    धामपुर विधायक का रिपोर्ट कार्ड: MLA का क्षेत्र के संपूर्ण विकास का दावा; अतिक्रमण, जाम और बाढ़ जैसी समस्याएं बरकरार

    By Navneet Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Thu, 23 Jul 2026 03:11 PM (IST)

    Uttar Pradesh MLA Report Card: धामपुर विधायक अशोक कुमार राणा का क्षेत्र के चहुंमुखी विकास का दावा है, लेकिन कई गंभीर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। ...और पढ़ें

    धामपुर विधानसभा क्षेत्र

    धामपुर विधानसभा क्षेत्र

    HighLights

    1. अतिक्रमण और अवैध निर्माण की वजह से बाधित है नदी का मार्ग

    2. हाईवे व अन्य स्थानों पर जाम व अतिक्रमण की समस्या का समाधान नहीं

    जागरण संवाददाता, बिजनौर। 2022 के चुनाव में धामपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता ने भाजपा के अशोक कुमार राणा पर लगातार दूसरी बार भरोसा जताया था। जीत के कम अंतर में यह संदेश भी छिपा था कि जनता की अपेक्षाओं का स्तर कहीं अधिक ऊंचा है। दूसरे कार्यकाल में उन्हें कहीं अधिक मेहनत करने की जरूरत है।

    विधायक इस कार्यकाल में सड़क, नलकूप, स्ट्रीट लाइट, बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में सुरक्षात्मक कार्य आदि कराने का दावा तो करते हैं लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से मेल नहीं खाती। धामपुर, शेरकोट, स्योहारा क्षेत्र के कई गांव हर साल बाढ़ से प्रभावित होते हैं। धामपुर में ईकड़ा नदी, शेरकोट में खो नदी और स्योहारा में रामगंगा नदी में बाढ़ से बड़े स्तर पर खेती का नुकसान होता है।

    पिछले साल ईकड़ा नदी में आई भयंकर बाढ़ से धामपुर नगर की टीचर्स कालोनी, सुंदर नगर, इंदिरा नगर, स्टेट बैंक कालोनी व मुहल्ला बाड़वान, शीला टाकीज, स्योहारा चुंगी आदि स्थानों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया था। आरएसएम तिराहा से टीचर्स कालोनी तक नेशनल हाईवे पर बाढ़ से जलभराव हुआ था। इससे 20 से अधिक घंटे तक हरिद्वार-काशीपुर हाईवे भी प्रभावित हुआ था।

    जलभराव का मुख्य कारण शहर की कई कालोनियों व मुहल्लों में अतिक्रमण, अवैध निर्माण व नदी का मार्ग बाधित होना है। इसके लिए लंबे समय से मांग उठा रही है लेकिन समाधान की ओर गंभीर कदम नहीं उठाया गया। शहर के बीच से गुजर रहे हाईवे व अन्य स्थानों पर जाम व अतिक्रमण की समस्या भी गंभीर रूप ले चुकी है।

    खबरें और भी

    विधायक के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग ने धामपुर में शेरकोट रोड पर राजपूताना रिजार्ट से नगीना मार्ग पर दुर्गा विहार कालोनी तक चार किलोमीटर के हाईवे को फोरलेन बनाने का काम शुरू कराया है। लगभग डेढ़ वर्ष पहले शुरू हुआ यह काम भी चिह्नित किए गए 35 पेड़ों के कटान की वन विभाग से स्वीकृति न होने से अधर में लटका है। जनता सड़कों व स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कई समस्याओं से जूझ रही है।

    सपा सरकार में गांव चकसहजानी में 100 बेड का अस्पताल और सीएचसी में ट्रामा सेंटर बना था। 100 बेड का अस्पताल अब चालू हो चुका है लेकिन यहां डाक्टरों और स्टाफ की कमी है। ट्रामा सेंटर तो आज तक चालू नहीं हो सका है। विधानसभा क्षेत्र के शेरकोट व स्योहारा में अब तक बस स्टैंड नहीं है।

    धामपुर विधानसभा क्षेत्र

    • कुल मतदाता : 2,82,279
    • पुरुष मतदाता : 1,43,962
    • महिला मतदाता : 1,38,316 मतदाता

    हर पात्र व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा: विधायक

    धामपुर विधायक अशोक कुमार राणा का कहना है कि विधानसभा क्षेत्र में चहुंमुखी विकास कराया गया है। बाढ़ग्रस्त गांवों से लेकर सड़क, स्वास्थ्य, परिवहन आदि सभी क्षेत्रों में जनता की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए कार्य कराए गए हैं। लगभग 483 करोड़ के बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य, 5.8 करोड़ रुपये से सीसी व अन्य रोड निर्माण, 11 नवीन नलकूप, 81 करोड़ से स्ट्रीट लाइट और पंडित दीनदयाल सोलर लाइट योजना में गांवों को रोशन किया गया है।

    विधायक का कहना है कि करीब 75 लाख रुपये से रोडवेज बस अड्डे का जीर्णोद्धार कराया गया है। इसके अलावा जिला पंचायत, लोक निर्माण विभाग, मंडी परिषद आदि के सहयोग से भी आम जनता के लाभ के लिए विकास कार्य कराए जा रहे हैं। क्षेत्र का संपूर्ण विकास और हर पात्र व्यक्ति तक भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

    विकास कार्य केवल दिखावा साबित हुए: नईम उल हसन

    दूसरे स्थान पर रहने वाले सपा के नईम उल हसन का कहना है कि विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्य केवल दिखावा साबित हुए हैं। जनता आज भी कई समस्याओं से जूझ रही है। शहर व गांवों में टूटी सड़क, जलभराव, खराब स्ट्रीट लाइन, विद्युत आपूर्ति सुचारु न होना और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली जैसी गंभीर समस्याएं हैं।

    सपा सरकार ने धामपुर में ट्रामा सेंटर व 100 बेड का अस्पताल बनवाया था, आज तक विधायक उसे ठीक से संचालित नहीं करवा सके हैं। गांव मुकरपुरी में शुरू हुआ पालिटेक्निक कालेज आज तक पूरा नहीं हुआ। गांवों में पेयजल योजना के तहत डाली गई लाइनों से आज तक आपूर्ति शुरू नहीं हुई है। सड़क व परिवहन में भी कोई विकास होता नहीं दिखा है। हर क्षेत्र में जनता परेशान है। ईकड़ा नदी से जलभराव की समस्या दूर नहीं हुई है।

    जनता कहिन

    क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार और विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का अभाव है। इस ओर कोई कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल सड़क, पानी निकासी सहित कई समस्याएं बनी हुई हैं। 
    -ठाकुर आदित्य सिंह, गांव मधी।
    क्षेत्र में विकास कार्य तो हुए हैं। सड़कों की हालत ठीक है लेकिन यातायात, जाम और कानून व्यवस्था की समस्या है। रोडवेज बस अड्डे का निर्माण तो हुआ लेकिन सभी रूटों व लंबी दूरी की बसें यहां नहीं रुकती हैं। नई बसें भी चलनी चाहिए। आज भी अधिकांश रूटों पर प्राइवेट बसों व डग्गामार वाहनों से सफर करना पड़ता है।
    -अवनी कुमार सिंह, धामपुर।
    जनता के सामने अभी भी बहुत समस्याएं हैं। किसान गन्ना भुगतान और बढ़ी बिजली दरों से परेशान हैं। जाम की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। कई गांवों में अभी भी बाढ़ की समस्या बनी हुई है।
    -सुधीर कुमार, धामपुर।
    गांवों में गोशाला व पंचायत भवनों का निर्माण तो हो गया, लेकिन व्यवस्था बदहाल है। ग्रामीणों को अपना कार्य करवाने के लिए भटकना पड़ता है। गोशालाओं में बेसहारा पशुओं की स्थिति दयनीय है। युवाओं को रोजगार और खेलकूद के अवसर उपलब्ध होने चाहिए।
    -कुणाल गांधी, धामपुर।