गंगा एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगा बिजनौर, उलेढ़ा से विदुरकुटी तक बनेगा 11 KM लंबा लिंक रोड
गंगा एक्सप्रेसवे को विदुरकुटी से जोड़ने के लिए उलेढ़ा से 11 किमी लंबी लिंक रोड बनाई जाएगी। यह सड़क पर्यटकों ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
उलेढ़ा से विदुरकुटी तक 11 किमी लिंक रोड बनेगी।
यह सड़क गंगा एक्सप्रेसवे से विदुरकुटी को जोड़ेगी।
पर्यटन बढ़ेगा, स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। अमरोहा से वाया बिजनाैर हरिद्वार जाने वाले गंगा एक्सप्रेसवे को विदुरकुटी से जोड़ने के लिए ग्राम उलेढ़ा से विदुरकुटी तक लिंक रोड बनाई जाएगी। उलेड़ा से छाडरी मोड़ होते हुए विदुरकुटी तक 11 किमी. लिंक रोड बनने में जहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी। वहीं इस क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के साधन भी बढ़ेंगे। उधर राष्ट्रीय राजमार्ग अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इस एक्सप्रेसवे पर बनाए जा रहे एरिये में कटौती की है।
ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे की बिजनौर से होकर निकाले जाने की कार्यवाही अंतिम चरण में है। नोएडा की एसए इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी द्वारा अमरोहा से चांदपुर और नजीबाबाद से होते हुए हरिद्वार तक प्रस्तावित ग्रीन फील्ड गंगा एक्सप्रेसवे में शामिल गांवों में सर्वे का काम पूरा किए जाने के बाद कृषि एवं अकृषि भूमि का सत्यापन कर रिपोर्ट यूपीड़ा का भेजी जा चुकी है।
नए एक्सप्रेसवे चांदपुर रोड से हीमपुर से होकर ग्राम उलेढ़ा, धर्मपुरा से गोलबाग से होकर नगीना मार्ग पर वीकेआईटी और चंदक जंक्शन पाइंट से नजीबाबाद क्षेत्र के गांवों से जाेड़ना प्रस्तावित किया गया, लेकिन इसमें विदुरकुटी को शामिल नहीं किया गया, जबकि मुख्यमंत्री ने गंगा एक्सप्रेसवे को विदुरकुटी से हाेकर निकाले जाने की घोषणा की थी। अब विदुरकुटी को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 11 किमी. लंबी लिंक रोड बनाए जाने का निर्णय लिया गया है।
युवाओं को रोजगार के मिलेंगे अवसर
नई लिंक रोड को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए उलेढ़ा में जंक्शन पाइंट बनाया जाएगा। इस जंक्शन पाइंट से छाछरी मोड़ और गंज दारानगर होते हुए विदुरकुटी तक 11 किमी. लंबी लिंक रोड बनेगी। इस लिंक रोड के निर्माण के बाद विदुरकुटी में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी और क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
इसके अलावा ग्राम दारानगर गंज, शाहपुर लाल, छाछरी मोड़ समेत आसपास के दर्जन गांवों के लोगों का हरिद्वार, देहरादून, सहारनपुर और गढ़ मुक्तेश्वर, संभल समेत कई दूरस्थ क्षेत्रों की आवाजाही आसान होगी। इसके अलावा एनएचनएआई ने एलाइमेंट के अनुसार ग्राम हीमपुरदीपा में बिजलीघर के निकट, बिजनाैर-हल्दौर मार्ग पर गोलबाग के निकट, बिजनौर-नगीना मार्ग पर वीकेआईटी के निकट और चंदक में बनाए जाने वाले जंक्शन पाइंट का एरिया कम किया है।
यूपीडा के भू-अर्जन अधिकारी राकेश गुप्ता ने ग्राम उलेढ़ा से विदुरकुटी तक लिंक रोड बनाए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रस्तावित लिंक रोड निर्माण के लिए राजस्व विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है। वहीं तहसीलदार सदर आशीष सक्सेना ने बताया कि उलेढ़ा में बनाए जाने वाले जंक्शन पाइंट में छाछरी मोड़ से विदुर कुटी तक लिंक रोड बनाई जाएगी।
