बिजनौर में अचानक बढ़ गया गंगा का जलस्तर, बाढ़ चौकियां अलर्ट मोड पर... हालात पर लगातार रखी जा रही नजर
पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण बिजनौर में गंगा का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे जलीलपुर के खादर क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। ...और पढ़ें

जलीलपुर के खादर क्षेत्र में बढ़ा गंगा का जलस्तर। जागरण
HighLights
बिजनौर में गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा।
प्रशासन ने सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट किया।
जलीलपुर क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ का खतरा।
संवाद सूत्र, जलीलपुर (बिजनौर)। पहाड़ों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्र में हो रही बरसात के चलते अचानक गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। गंगा के पुल व खादर क्षेत्र से निकल रही गंगा का बहाव भी तेज हो गया है। इससे आसपास के ग्रामीणों को बाढ़ का खतरा सताने लगा है। उधर, प्रशासन द्वारा क्षेत्र में बनाई गईं पांच बाढ़ चौकियों पर स्टाफ को अलर्ट कर दिया गया है, ताकि समय रहते स्थिति को संभाला जा सके।
लगातार बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। उधर, गंगा अपने दोनों छोर से लबालब होकर समानांतर रूप में बह रही हैं। गंगा के बढ़ते जलर को देखकर खादर क्षेत्र के गांव रायपुर खादर, जलालपुर, सीकरी, सलेमपुर, नारनौर समेत कई गावों के ग्रामीणों को बाढ़ का खतरा अभी से सताने लगा है। ग्रामीण करतार सिंह, उदल सिंह, बिंदे सिंह, किशोरी आदि का कहना है कि इस बार हस्तिनापुर क्षेत्र में तटबंध का निर्माण कार्य हो रहा है। यदि गंगा में अधिक पानी आता है तो जलीलपुर क्षेत्र के खादर के गांव में बाढ़ आने की अधिक आशंका है। बाढ़ को लेकर अभी से ही ग्रामीण चिंतित हैं।
प्रशासन की सभी चौकियों को अलर्ट पर रखा है। उधर, खादर क्षेत्र में बाढ़ की आशंका को देखते हुए खानपुर खादर, बसंतपुर, पाडला, बलिया नंगली में स्थाई चौकी बनाई गई हैं, जबकि गांव धींवरपुरा में अस्थाई चौकी भी बनाई गई है। यहां पर काननूगो, लेखपाल और अमीन को तैनात कर दिया गया है। नायब तहसीलदार ओेमकार सिंह प्रभारी बनाया गया है। एसडीएम नितिन तेवतिया ने बताया कि गंगा के बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। खादर क्षेत्र में बनी चौकियों के स्टाफ को भी अलर्ट कर दिया गया है।