Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नहटौर विधानसभा क्षेत्र: बाढ़ से नहीं मिली मुक्ति, कई अन्य समस्याओं का समाधान नहीं; विधायक का चहुंमुखी विकास का दावा

    By Navneet Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Thu, 30 Jul 2026 05:29 PM (IST)

    Uttar Pradesh MLA Report Card: नहटौर विधायक ओम कुमार ने अपने तीन कार्यकाल में विकास कार्यों का दावा किया है, लेकिन जनता अभी भी कई समस्याओं से जूझ रही ...और पढ़ें

    नहटौर विधानसभा क्षेत्र

    नहटौर विधानसभा क्षेत्र

    HighLights

    1. गांगन नदी की बाढ़ से हर साल फसलें और आबादी प्रभावित।

    2. जनकल्याण के अनेक विकास कार्य कराने का विधायक का दावा।

    जागरण संवाददाता, बिजनौर। नहटौर विधानसभा क्षेत्र की जनता ने भाजपा के प्रत्याशी रहे ओम कुमार को तीसरी बार चुनकर विधानसभा पहुंचाया। नहटौर 2008 में नई विधानसभा सीट के रूप में गठित हुई थी और तब पहली बार ओमकुमार बसपा से जीते, लेकिन 2017 में बसपा छोड़ भाजपा से शामिल होकर दूसरी बार चुनाव जीता।

    अब 2022 में तीसरी बार भी जनता ने उन पर विश्वास जताया, लेकिन पिछली बार उनकी जीत का अंतर केवल 258 रहा। इससे स्पष्ट है कि तीसरी बार जनता ने उन पर पूर्ण विश्वास नहीं जताया और वह जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरे नहीं उतरे।

    विधायक अपने कार्यकाल में संपूर्ण विकास, समस्याओं के समाधान और विकास का दावा तो करते हैं, लेकिन क्षेत्र में अभी भी बहुत सी समस्याएं ऐसी हैं, जिनसे जनता परेशान है। नहटौर क्षेत्र में गांगन नदी का प्रवाह है, लेकिन हर वर्ष इसका जलस्तर बढ़ने और बाढ़ के हालात पैदा होने से बड़े स्तर पर खेतों में खड़ी फसल को नुकसान होता है।

    नगर के मुहल्ला छिपीयान में तीन से चार फीट पानी भर जाता है और धान व सब्जी आदि की फसलें बर्बाद हो जाती हैं। इसके अलावा बाईपास की सड़क काफी समय से क्षतिग्रस्त है, जबकि यह मार्ग मुख्य कपड़ा बाजार से जुड़ा है। बड़ी संख्या में यहां व्यापारी आते हैं, लेकिन खराब सड़क से उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है।

    खबरें और भी

    नहटौर-कोतवाली मार्ग से नहटौर-धामपुर मार्ग पर आने वाला बाईपास भी क्षतिग्रस्त है। हालांकि विधायक द्वारा सरकार तक आम जनता की बात पहुंचाकर कुछ नई परियोजनाओं की स्वीकृति का दावा किया गया है, लेकिन धरातल पर अभी उनका संचालन पूरी तरह दिखाई नहीं देता। नगर में रोडवेज बस अड्डे का भवन लगभग दो दशक पहले तैयार हुआ था, लेकिन आज तक यह पूरी तरह संचालित नहीं हो सका।

    यहां बसें नहीं रुकती हैं, बिजनौर, हल्दौर, धामपुर व अन्य स्थानों की बसें रोडवेज बस अड्डे के बाहर से ही जाती हैं। हालांकि क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट, ग्रामीण सड़कें, जीजीआइसी व आईटीआई आदि का निर्माण हुआ है लेकिन अभी स्कूल ठीक से संचालित नहीं है, बच्चों की संख्या बहुत कम है। कई गांवों में अभी भी बदहाल सड़कें व खराब स्ट्रीट लाइटों की समस्याएं हैं।

    जनकल्याण के अनेक विकास कार्य कराए: विधायक

    विधायक ओम कुमार ने कहा कि कार्यकाल में शिक्षा, सड़क, पुल, नगर विकास, धार्मिक स्थलों और जनकल्याण से जुड़े अनेक विकास कार्य कराए गए। 13 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय आईटीआई का निर्माण, 25 करोड़ की लागत से ग्राम सुंदरपुर में कंपोजिट विद्यालय का निर्माण, राजकीय बालिका इंटर कालेज का निर्माण कराया। शादीपुर–नहटौर मार्ग का नवनिर्माण एवं चौड़ीकरण लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया।

    विधायक का कहना है कि सल्लाहपुर–नसीरपुर–नेन सिंह मार्ग 140 करोड़ से बनाया। बिलासपुर–कमालपुर मार्ग का काम 1.25 करोड़ से हुआ है। करीब नौ करोड़ से 800 स्ट्रीट लाइटें, एक करोड़ 87 लाख से यात्री शेड व एक करोड़ 28 लाख स्वागत द्वारों का निर्माण कराया। एक करोड़ से कूड़ा निस्तारण केंद्र आदि बनाने के कार्य भी कराए हैं। विकास कार्यों से नहटौर विधानसभा में चहुंमुखी विकास हुआ है।

    विधायक जनता के भरोसे पर खरे नहीं उतरे: बसपा प्रत्याशी

    नहटौर विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2022 के चुनाव में तीसरे नंबर पर रहीं बहुजन समाज पार्टी की प्रत्याशी प्रिया सिंह ने बताया कि विधान सभा क्षेत्र में आज ग्रामीण अंचलों में ग्रामीण सड़क संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। गांवों में सफाई के नाम पर कुछ नहीं किया गया। जनता ने विधायक को तीन बार चुनकर भेजा है, लेकिन विधायक जनता के भरोसे पर खरे नहीं उतरे हैं। तीन कार्यकाल में क्षेत्र की समस्याओं का निस्तारण नहीं करवा पाए। क्षेत्र में अभी भी समस्याओं की भरमार है। जल भराव, क्षतिग्रस्त सड़कें सभी समस्याएं बनी हुई हैं।

    जनता कहिन

    ढकौली से गिलाड़ी मोड़ तक करीब 600 मीटर मार्ग कच्चा पड़ा हुआ है। जनप्रतिनिधि और अधिकारियों द्वारा कई बार सड़क निर्माण का आश्वासन दिया गया, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
    -धर्मवीर सिंह, निवासी ढकौली।
    नगर की बालिकाओं के लिए राजकीय कन्या इंटर कालेज का नया भवन बनवाकर बालिकाओं की समस्याओं का समाधान किया गया है। हालांकि इससे लाभ मिला है, लेकिन अभी भी संसाधनों की कमी है और बालिकाओं के लिए और सुविधाएं होनी चाहिए।
    -सुमित सूद, निवासी नहटौर।
    विधानसभा क्षेत्र में बजाज शुगर मिल संचालित है। परंतु किसान गन्ने के भुगतान के लिए परेशान है। मिल द्वारा समय पर भुगतान नहीं दिया जाता है। सत्ता पक्ष के विधायक होने के बावजूद नहटौर क्षेत्र अभी भी कई समस्याओं से जूझ रहा है।
    -मुदित त्यागी, किसान।
    लंबे समय से चली आ रही नहटौर-शादीपुर मार्ग के चौड़ीकरण की मांग पूरी हुई है, जिससे लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिली है। हालांकि अभी भी कई तरह की समस्याएं हैं, जिनका निदान होना चाहिए। सड़कों की मरम्मत भी होनी चाहिए।
    -संजीव कुमार सैनी, निवासी गांव ककराला।