Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नूरपुर विधानसभा क्षेत्र: नगर पंचायत का दर्जा नहीं पा सका ताजपुर, कई वादे अधूरे; विधायक का निधि से कार्य कराने का दावा

    By Navneet Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Fri, 31 Jul 2026 06:40 PM (GMT+05:30)

    Uttar Pradesh MLA Report Card: नूरपुर से सपा विधायक रामअवतार सैनी के विकास कार्य कराने के कई वादे अधूरे हैं। हालांकि उन्होंने विधायक निधि से 18 करोड़ ...और पढ़ें

    नूरपुर विधानसभा क्षेत्र

    नूरपुर विधानसभा क्षेत्र

    HighLights

    1. नूरपुर क्षेत्र में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, मिनी स्टेडियम का निर्माण नहीं हुआ।

    2. विधायक बोले- ताजपुर को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने को संकल्प पत्र सदन में रखा। 

    जागरण संवाददाता, बिजनौर। नूरपुर विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2022 के चुनाव में क्षेत्र की जनता ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रामअवतार सैनी को विधायक चुनकर विकास की जो उम्मीद लगाई थी, वह उन पर पूरी तरह खरे नहीं उतर पाए हैं।

    गांव से लेकर शहरी क्षेत्र तक की सड़कें बदहाल हैं तो अन्य कई विकास कार्य शुरू ही नहीं हो सके। वहीं नूरपुर में राजकीय कन्या इंटर कालेज की स्थापना और गांव राजा का ताजपुर को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने का वादा पूरा नहीं हुआ। स्वास्थ्य सेवाओं में वह कोई विशेष सुधार नहीं करा पाए। कहा जाए तो लगभग साढ़े चार साल से अधिक के कार्यकाल में नूरपुर को नई पहचान नहीं दिला सके, जिसकी जनता को उनसे आस थी।

    भाजपा की लहर के बावजूद नूरपुर सीट से जीते सपा प्रत्याशी रामअवतार सैनी क्षेत्र के लिए नया चेहरा थे। उम्मीद थी कि लोगों के बीच वह अपनी छाप छोड़ने में वह कामयाब होंगे। चुनाव प्रचार करने से लेकर जीत हासिल करने तक उन्होंने कई वादे भी जनता से किए। इससे जनता को बदलाव के साथ विकास कार्यों में रफ्तार आने की आस जगी थी।

    साढ़े चार साल से अधिक समय में कोई तय बड़ा लक्ष्य पूरा नहीं हुआ। चुनाव के दौरान उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया था कि विधानसभा की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत ताजपुर को नगर पंचायत का दर्जा दिलाएंगे, लेकिन इसके लिए कोई पहल नहीं हो पाई।

    खबरें और भी

    उन्होंने छात्राओं के लिए राजकीय इंटर कालेज की स्थापना के साथ-साथ युवाओं के लिए मिनी स्टेडियम के निर्माण कराने का वादा किया था, जिसे अभी तक पूरा नहीं कराया जा सका। कई गांव ऐसे हैं, जहां सड़कों का हाल पहले जैसा ही नजर आता है। जबकि विधायक की ओर से क्षेत्र के गांव-गांव में सड़कें बनवाए जाने की बात भी खूब होती है। जनता का कहना है कि करोड़ों की निधि मिलने के बाद भी क्षेत्र में ऐसा कोई कार्य नहीं हुआ, जो नूरपुर या क्षेत्रीय विधायक को अपनी पहचान दिला सके।

    18 करोड़ रुपये की निधि से विकास कार्य कराए: विधायक

    सपा विधायक रामअवतार सैनी ने कहा कि साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में लगभग 18 करोड़ रुपये की निधि से विकास कार्य कराए गए। साथ ही क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं को वह विधानसभा में उठाते रहे। विपक्ष में रहने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में सड़कों के अलावा पथ प्रकाश व्यवस्था का कार्य बिना किसी भेदभाव के कराया।

    उन्होंने कहा कि ताजपुर को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए उनके द्वारा संकल्प पत्र सदन में रखा गया, जिसका सरकार द्वारा संज्ञान लिया गया है और उनकी मांग पर आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया है। विधायक ने बताया कि उनके द्वारा शिक्षा मंत्री से मिलकर राजकीय कन्या इंटर कालेज की स्थापना की मांग की गई, लेकिन शिक्षा के प्रति लापरवाह सरकार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

    क्षेत्र विकास की दौड़ में 20 वर्ष पीछे हो गया: भाजपा प्रत्याशी

    विधानसभा चुनाव 2022 में दूसरे स्थान पर रहने वाले भाजपा प्रत्याशी चंद्रप्रकाश सिंह ने कहा कि विधायक ने अपने अब तक के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में कोई बड़ा विकास कार्य नहीं कराया। समस्याओं को लेकर आए लोगों से विपक्ष में होने तथा अधिकारियों द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने की बात कहकर पल्ला झाड़ते रहे।

    विकास कार्य नहीं होने की वजह से नूरपुर क्षेत्र विकास की दौड़ में 20 वर्ष पीछे हो गया है। विस क्षेत्र के गांव गोहावर, पीपला जागीर, हसुपुरा, फैजपुर एवं रोशनपुर जागीर सहित आधा दर्जन गांव की सड़कें क्षतिग्रस्त हैं और ये गांव जल भराव की समस्या से मुक्त नहीं हो पाए हैं। ताजपुर में स्योहारा मार्ग पर सड़क पर जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है।

    जनता कहिन

    नूरपुर विधायक अपने कार्यकाल में विकास कार्य कराने में नाकाम साबित हुए हैं। किसानों के हित में उनके द्वारा कोई कार्य नहीं कराया गया। किसानों की समस्याओं को सदन में उठाने में वह नाकाम रहे हैं। जनता से कम संपर्क रखने वाले विधायक कुछ गिने-चुने लोगों से घिरे रहे हैं।
    -मोनू चौधरी, किसान।
    विधायक रामअवतार सैनी को जिन उम्मीदों के साथ क्षेत्रीय जनता ने चुना था, वे उन अपेक्षाओं पर वे खरा नहीं उतरे। चुनाव के दौरान उन्होंने क्षेत्र में युवाओं के लिए मिनी स्टेडियम बनवाने की मांग की थी, लेकिन साढ़े चार वर्ष बाद भी अपने वादे को पूरा करने में असफल साबित हुए हैं। 

    -नवाब इदरीसी, व्यापारी।
    नूरपुर विधायक के कार्यकाल में विकास का कोई ऐसा महत्वपूर्ण कार्य नहीं हुआ, जिसे गिनाया जा सके। क्षेत्रीय विधायक ने पक्षपातपूर्ण ढंग से एक समुदाय विशेष के क्षेत्र में कार्य कराने को प्राथमिकता दी। चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने में नाकाम साबित हुए हैं।
    -हरभजन सिंह अमन, व्यापारी।
    विधायक ने विपक्ष में रहकर भी क्षेत्र की जनता के साथ रहकर ग्राम पुरैनी दुर्वेशपुर, कुरी बांगर एवं नंगली जाजू सहित दर्जनों गांव में सड़कों एवं नालियों के निर्माण के अतिरिक्त शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पथ प्रकाश की व्यवस्था कराई। जनता से जुड़े रहकर उन्होंने पूर्व के विधायकों से अधिक विकास कार्य कराए हैं।
    -कमल कुमार, शिक्षक।