Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिजनौर में सांप के डसने के बाद झाड़-फूंक के चक्कर में चार साल के बच्चे और महिला की चली गई जान

    By Sachin Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Thu, 09 Jul 2026 06:04 PM (IST)

    बिजनौर में सांप के डसने से चार साल के मासूम और एक महिला की मौत हो गई। दोनों मामलों में परिजनों ने अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक का सहारा लिया, जिस ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक फोटो

    प्रतीकात्मक फोटो

    HighLights

    1. दो से तीन घंटे तक झाड़-फूंक करने वालों के यहां दाैड़ते रहे बच्चे के स्वजन

    2. महिला की भी सर्पदंश से हुई मौत, झाड़-फूंक भी बनी उसकी मौत की वजह।

    संवाद सूत्र, जलीलपुर (बिजनौर)। टायलेट गए चार साल के मासूम को सांप ने डस लिया। स्वजन उसे चिकित्सक के पास न ले जाने के बजाए झाड़-फूंक करने वालों के लेकर घूमते रहे। हालत बिगड़ने पर जब वह चिकित्सक पास पहुंचे तो उन्हाेंने हाथ खड़े कर दिए। बाद में बिजनौर ले जाते समय उसकी मौत हाे गई। बच्चे की माैत से स्वजन में कोहराम मचा हुआ है।

    उधर, नांगल सोती में भी एक महिला को जहरीले सांप के डसने पर स्वजन महिला को अस्पताल ले जाने की बजाए झाड़-फूंक कराने में लगे रहे। परिणामस्वरूप इलाज में हुई देरी के कारण महिला की मौत हो गई।

    जलीलपुर निवासी हिर्देश किराना की दुकान पर काम करता है। उसका चार वर्षीय बेटा नैतिक पास में ही स्थित मदरलैंड पब्लिक स्कूल में एलकेजी का छात्र था। स्वजन के मुताबिक बुधवार देरशाम नैतिक घर में टायलेट में गया था। तभी वहां दीवार में बैठे सांप ने नैतिक को डस लिया। शोर मचाने पर स्वजन वहां पहुंचे तो सांप को देखकर उनके होश उड़ गए।

    नैतिक ने सांप द्वारा काटने की बात बताई। बताया जाता है कि स्वजन उसे झाड़-फूक करने वाले के पास ले गए। वहां से आराम नहीं हुआ तो दूसरी जगह भी झाड़-फूंक वाले के पास लेकर पहुंचे, यहां तबीयत और बिगड़ गई। इस दौरान करीब दो से तीन घंटे का समय बीत गया। हालत बिगड़ने पर वह नैतिक को चांदपुर में निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने हाथ खड़े कर दिए। बाद में स्वजन उसे बिजनाैर ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। नैतिक की मौत से घर में कोहराम मचा है।

    सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक के चलते महिला की मौत

    ग्राम नांगल सोती के मुहल्ला डांडा निवासी महेंद्र सिंह की 50 वर्षीय पत्नी विनोद देवी घर के पास ही स्थित खेत में पशुओं के लिए चारा काटने गई थीं। इसी दौरान जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। कुछ ही देर में महिला की तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होकर गिर गई। घटना के बाद स्वजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की बजाए पास के ही ग्राम सौफतपुर में झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति के पास ले गए।

    खबरें और भी

    महिला की गंभीर हालत देखकर उसने उपचार करने से मना कर दिया। इस बीच काफी समय बीतता गया। इसके बाद परिजन आनन-फानन में विनोद को नजीबाबाद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नजीबाबाद के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अंकित कुमार ने बताया कि महिला की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी। स्वजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव अपने घर ले गए। अस्पताल लाए जाने से पहले ही महिला की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि सर्पदंश की स्थिति में बिना देरी किए अपने सरकारी अस्पताल में पहुंचना चाहिए, जिससे समय रहते मरीज को समुचित उपचार देकर बचाया जा सके।