सरकारी नौकरी करते हुए सपा से MLA का टिकट मांग रहे गुरुजी, गांव-गांव जाकर कर रहे प्रचार; BSA बिजनौर ने जारी किया नोटिस
बिजनौर के एक प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक पर समाजवादी पार्टी का प्रचार करने और पार्टी में पद लेने का आरोप लगा है। कांग्रेस उपाध्यक्ष की शिकायत पर बीएसए ...और पढ़ें

शिक्षक हेमेंद्र कुमार उर्फ हेमंत कुमार का एक पोस्टर। सौ. शिकायतकर्ता
HighLights
बिजनौर के परिषदीय शिक्षक पर सपा के लिए प्रचार करने का आरोप।
कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष ने बीएसए से की मामले की शिकायत।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। प्राथमिक विद्यालय के एक शिक्षक ने बढ़ापुर से टिकट की दावेदारी ठोकते हुए सपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। यही नहीं सपा के अनुसूचित मोर्चे के राष्ट्रीय सचिव का पद भी ले लिया। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष ने यह शिकायत बीएसए से की है। शिक्षक पर क्षेत्र में सपा का प्रचार करता अपना पोस्टर लगवाने का भी आरोप है।
आरोप लगाया है कि शिक्षक बढ़ापुर विधानसभा सीट से टिकट मांग रहे हैं। वे स्कूल समय में गांव-गांव जाकर सपा की ओर से लोगों से जनसंपर्क कर रहे हैं। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की है। बीएसए ने शिक्षक को कारण बताओ नोटिस भेजा है।
गांव रायपुर सादात के रहने वाले बाबुल हसन कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने बीएसए कार्यालय में की शिकायत में बताया है कि हेमेंद्र कुमार उर्फ हेमंत कुमार प्राथमिक विद्यालय अफजलगढ़ में प्रधान अध्यापक पद पर कार्यरत हैं। कहा कि शिक्षक के पद पर रहते हुए वे किसी राजनीतिक दल में सक्रिय रूप से नहीं जुड़ सकते हैं और पद नहीं ले सकते हैं। लेकिन शिक्षक हेमेंद्र कुमार सपा में काफी समय से सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।
शिकायत में कहा गया कि शिक्षक ने उन्होंने सपा के अनुसूचित मोर्चे में राष्ट्रीय सचिव का पद भी लिया है। वे सपा के पीडीए व सम्मेलन व अन्य कार्यक्रमों में शिरकत कर रहे हैं। साथ ही वे सपा के नेताओं के साथ भी घूम रहे हैं। गांव-गांव जाकर जनता में बैठक कर सपा से जुड़ने और वोट देने की अपील कर रहे हैं।
खबरें और भी
वहीं विभाग में चर्चा है कि शिक्षक हेमेंद्र कुमार द्वारा बढ़ापुर विधानसभा से सपा से टिकट भी मांगा जा रहा है। इसके लिए उन्होंने कई स्थानों पर पोस्टर आदि भी लगा दी हैं। शिक्षक का कागजों में नाम हेमेंद्र कुमार है जबकि वे लोगों के बीच हेमंत कुमार नाम से भी जाने जाते हैं। वे सपा के मंच व कार्यक्रमों में अपने दूसरे नाम हेमंत कुमार का प्रयोग कर रहे हैं।
शिक्षक हेमेंद्र कुमार के सपा का पदभार ग्रहण करने और चुनाव में टिकट मांगने के के मामले में बयान को फोन किया गया, लेकिन उनका नंबर नोट रिचेबल रहा। अन्य किसी संसाधन के माध्यम से उनसे वार्ता नहीं हो पाई।
इन्होंने कहा...
बेसिक शिक्षा विभाग के किसी शिक्षक द्वारा किसी राजनीतिक दल में सक्रिया रूप से कार्य नहीं किया जा सकता है। न ही कोई पद लिया जा सकता है। इस मामले में शिक्षक से जवाब तलब किया गया है। शिक्षक का जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
-सचिन कसाना, बीएसए