बुलंदशहर में डंपर और रोडवेज बस की टक्कर में 2 लोगों की मौत, 20 यात्री घायल
बुलंदशहर में अलीगढ़-गाजियाबाद हाईवे पर रोडवेज बस और डंपर की टक्कर में नौ वर्षीय बच्ची व महिला की मौत हो गई, जबकि 20 यात्री घायल हो गए।
HighLights
बुलंदशहर में रोडवेज बस-डंपर टक्कर में दो की मौत।
नौ वर्षीय बच्ची और एक महिला ने गंवाई जान।
रक्षाबंधन मनाने जा रहे 20 यात्री गंभीर रूप से घायल।
संवाद सहयोगी, बुलंदशहर। अलीगढ़-गाजियाबाद हाईवे पर बगराई कट के निकट रोडवेज बस आगे चल रहे डंपर में पीछे से जाकर घुस गई। हादसे में नौ वर्षीय बच्ची और महिला की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों समेत 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
बस में सवार अधिकांश लोग रक्षाबंधन का पर्व मनाने अपने घर और रिश्तेदारियों में जा रहे थे। घायलों को पुलिस द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से चार को रेफर कर दिया गया और अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
गाजियाबाद के कौशांबी डिपो से कानपुर जाने के लिए गुरुवार रात करीब 11:30 बजे फजलगंज डिपो की रोडवेज बस रवाना हुई थी। जिसमें कानपुर, एटा, इटावा, अलीगढ़ आदि जगह जाने के लिए करीब 70 यात्री सवार थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार बजे बस खुर्जा नगर क्षेत्र में अलीगढ़-गाजियाबाद हाईवे पर बगराई कट के निकट पहुंचीं, तो अचानक बस मुड़ रहे डंपर से पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में बस में सवार 70 यात्रियों में से 22 घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर काफी राहगीर एकत्र हो गए और उन्होंने बस में सवार लोगों को बाहर निकालना शुरू करते हुए पुलिस को सूचित किया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को नगर के कैलाश अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने नौ वर्षीय राधिका पुत्री चंदन निवासी सती मुहल्ला इटावा को मृत घोषित कर दिया। वहीं उपचार के दौरान 35 वर्षीय बबली पत्नी नीरज उर्फ रिंकू निवासी गांव कपरेटा थाना पिलुआ जनपद एटा की भी मौत हो गई।
इसके अलावा सूरज, विपिन, राजेश और नीरज उर्फ रिंकू को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य सभी घायलों को कैलाश अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गईं।
जानकारी होने पर जिलाधिकारी कुमार हर्ष, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एडीएम अभिषेक सिंह, एसपी देहात अंतरिक्ष जैन, एसडीएम सत्येंद्र सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और उन्हें बेहतार उपचार कराए जाने का आश्वासन दिया।
वहीं अधिकारियों द्वारा घटना स्थल का भी निरीक्षण करते हुए जायजा लिया गया। उधर हादसे के बाद आरोपित बस और डंपर के चालक फरार हो गए। पुलिस द्वारा दोनों वाहनों को सड़क से जेसीबी की मदद से हटाते हुए कब्जे में ले लिया गया और फरार चालकों की तलाश में पुलिस टीम जुटी है। हालांकि अभी मामले में पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।
हादसे में यह हुए घायल
हादसे में मृतक बच्ची राधिका के पिता चंदन, मां निशा, छोटा भाई देवांश और मृतका बबली के पति नीरज उर्फ रिंकू, ढाई वर्षीय बेटी छोटू व बिट्टू, भाभी प्रवीन, भांजी निधि घायल हो गए। वहीं अमित कुमार निवासी मोहम्मददाबाद फर्रुखाबाद, संजय निवासी करई रामपुर उन्नाव, सुशील कुमार निवासी साहयपुर थाना अचलगंज, सुनील निवासी एहका कटरा औरैया, सूरज निवासी बेहरा थाना सातनपुर, विपिन कुमार निवासी छिबरामपुर कन्नौज, नीरज कुमार निवासी चकौटा अतरौली अलीगढ़, विचित्रा देवी निवासी तलकर नगला थाना डिबाई, अचलेश निवासी गहेतु निधौली कला एटा, रवीना निवासी किशनगढ़, नीरज निवासी भेरपुर हरदोई और राजेश निवासी हरदोई घायल हो गए।
रक्षाबंधन बनाने जा रहे बस सवार अधिकांश लोग
बस में सवार हरदोई निवासी नीरज ने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करते हैं। रक्षाबंधन पर्व पर वह अपने चाचा रामनरेश के साथ अपने गांव जा रहे थे। इसके लिए वह कौशांबी डिपो से रोडवेज बस में सवार हुए थे।
वहीं चंदन भी अपनी बेटी राधिका, पत्नी निशा, बेटा देवांश और नीरज उर्फ रिंकू अपनी पत्नी बबली, जुड़वा बेटी छोटू व बिट्टू, भाभी प्रवीण, भांजी निधि के साथ रक्षाबंधन का पर्व बनाने के लिए जा रहे थे। इसी तरह अधिकांश बस में सवार लोग पर्व के चलते ही अपने घर व रिश्तेदारियों में जा रहे थे।
यह भी पढ़ें- बुलंदशहर मेडिकल कॉलेज में अचानक लिफ्ट बंद होने से डायटीशियन फंसीं, सायरन बजाने पर भी कोई नहीं पहुंचा; हुईं बेहोश
हाईवे पर लगा रहा जाम
हाइसे के बाद बस के क्षतिग्रस्त होने समेत दोनों वाहन काफी समय तक हाईवे पर खड़े रहे। जिसके चलते हाईवे पर एक तरफ जाम की स्थिति बनी रही। ऐसे में राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिसकर्मियों द्वारा जेसीबी की मदद से दोनों वाहनों को हाईवे से सड़क किनारे कराया। जिसके बाद जाम की स्थिति सामान्य हो सकी।
हादसे की जानकारी होने पर घटना स्थल का निरीक्षण करके घायलों से वार्ता की। हादसे में बच्ची और महिला की मौत हुई है। इसके अलावा चार घायलों को रेफर कर दिया गया और अन्य की हालत ठीक है। मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
अंतरिक्ष जैन, एसपी देहात, बुलंदशहर
