बुलंदशहर में मुठभेड़: मुकेश सोलंकी हत्याकांड के दो आरोपित गोली लगने से घायल, स्वजन का जमकर हंगामा
Bulandshahr News: बुलंदशहर में मुकेश सोलंकी हत्याकांड के दो वांछित आरोपितों को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल कर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोप ...और पढ़ें

मुठभेड़ के बाद पुलिस गिरफ्त में आरोपित।
HighLights
पुलिस मुठभेड़ में अनिल सोलंकी और जितेश के पैर में लगी गोली।
घायल आरोपितों के स्वजन ने पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ का आरोप।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। चोला पुलिस ने मुकेश सोलंकी हत्याकांड में वांछित दो आरोपितों को मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के स्वजन ने पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ का आरोप लगाते जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा है।
गोली मारकर की थी हत्या
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि चोला थाना क्षेत्र के गांव दाऊदपुर में तीन अगस्त की शाम जमीनी विवाद में अनिल सोलंकी पुत्र थाना सिंह और जितेश पुत्र गोपाल सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर किसान मुकेश सोलंकी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए एसओजी सहित पुलिस की पांच टीमों को लगाया गया था।
पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया
चोला पुलिस ने इस मामले में वांछित चल रहे नामजद आरोपित अनिल सोलंकी और जितेश को मुखबिर की सूचना पर बुधवार की तड़के गिरफ्तार किया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचे फतेहपुर जादौन रेलवे पुल के नीचे रेलवे लाइन के आसपास अलग-अलग दूरी पर छिपाकर रखे होना बताया।
इसके बाद पुलिस दोनों आरोपितों को तमंचा बरामदगी के लिए फतेहपुर जादौन रेलवे पुल के पास लेकर पहुंची। एसएसपी ने बताया कि इसी दौरान दोनों आरोपितों ने मौका पाकर पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया और झाड़ियों में पूर्व से छिपाकर रखे लोड तमंचों से पुलिस टीम फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में अनिल सोलंकी और जितेश पैर में गोली लगने से घायल होकर वहीं जमीन पर गिर गए। जिन्हें घायलावस्था में गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
खबरें और भी
अनिल के खिलाफ पांच और जितेश के खिलाफ तीन मामले दर्ज
गिरफ्तार आरोपित अनिल सोलंकी के खिलाफ पांच और जितेश के खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है। इधर पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल होने की सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे घायल आरोपितों के स्वजन ने पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ में गोली मारकर घायल करने का आरोप लगाते जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पुहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया।