उमसभरी गर्मी कर रही बीमार, जिला अस्पताल बुलंदशहर की OPD में पहुंचे दो हजार नए मरीज; बचाव को यह रखें ध्यान
भीषण गर्मी और उमस के कारण डायरिया, डिहाइड्रेशन और अन्य बीमारियों के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। बुलंदशहर में जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को 2000 से ...और पढ़ें

बुलंदशहर जिला अस्पताल स्थित दवाई वितरण केंद्र पर लगी मरीजों की लाइन। जागरण
HighLights
भीषण गर्मी के कारण डायरिया और डिहाइड्रेशन के मरीज बढ़े।
डाॅक्टरों की बचाव को खानपान पर ध्यान देने की सलाह।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के कारण डायरिया, डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सोमवार को कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल काॅलेज से सम्बद्ध जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को मरीजों की भीड़ उमड़ी। इनमें सबसे ज्यादा मरीज गर्मी से चक्कर आने, उल्टी-दस्त और सिर में दर्द की परेशानी मिल रही है। बच्चों से लेकर बड़ों तक को पेट में दर्द और इंफेक्शन की शिकायत है।
मेडिकल कालेज की ओपीडी में सोमवार को सुबह से दोपहर तक मरीजों और तीमारदारों की कतार लगी रही। ओपीडी में 2060 नए और 680 पुराने मरीज पहुंचे हैं। इसमें सबसे ज्यादा मरीज मेडिसिन विभाग के पहुंचे हैं। मेडिसिन विभाग के सीनियर रेजीडेंट डा. रजत ने बताया कि उमस के कारण पसीना अधिक आने पर मरीजों का ब्लड प्रेशर भी कम मिल रहा है। हालत गंभीर मिलने पर इनको भर्ती भी करना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी और बाहर का दूषित भोजन करने से उल्टी-दस्त, पेट में दर्द के मरीज सबसे ज्यादा हैं। कई ऐसे मरीज भी आए, जिनको चक्कर आ रहे थे। सिरदर्द हो रहा था और शरीर में पानी की कमी भी मिली। सोमवार को 16 मरीजों को भर्ती करना पड़ा। इमरजेंसी में भी ऐसे रोजाना 10-12 मरीज आ रहे हैं।
राहत की बात है कि प्रारंभिक इलाज देने के बाद 24 घंटे में ठीक हो रहे हैं। वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञ और सीएमएस डा. प्रदीप राणा ने बताया कि तेज धूप और गर्मी से सन बर्न, लाल दाने, चकत्ते, खुजली-जलन के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। मरीज नियमित स्नान जरूर करें।
खबरें और भी
ओपीडी में पहुंचे मरीज ऊपरकोट निवासी आरिफ ने बताया कि पर्चा बनवाने से लेकर मरीज को दिखाने और दवा लेने तक में डेढ़ से दो घंटे तक लग गए। गर्मी के कारण पसीना-पसीना हो गए। ईलना परवाना निवासी सुनील कुमार ने बताया कि भीड़ अधिक होने के कारण ओपीडी में हालत खराब हो गई।
यह भी पढ़ें- मेरठ में हीट इंडेक्स 52 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, दिन में उमस भरी गर्मी ने निकाला दम, इस सीजन में सबसे गर्म रही रात
इन बातों का रखें ध्यान
- नाश्ता करके ही घर से निकलें, दो गिलास पानी पीकर जाएं।
- शरीर को सीधी धूप से बचाएं, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें।
- बाहर के खाने-पीने से बचें।
- छाछ, लस्सी, आम पना, नारियल पानी, नींबू पानी खूब पीएं।
- गले-कटे फल खाने से बचें, रसदार फल खाएं।