विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में भरभराकर गिरा मकान, मलबे में दबकर चाचा-भतीजे की मौत; मां की हालत गंभीर

Published: Fri, 30 Oct 2026 08:40 AM (IST)

बुलंदशहर के छतारी में गुरुवार रात एक मकान अचानक ढह गया, मलबे में दबकर चाचा और भतीजे की मौत हो गई।

मकान ढहने से चाचा और भतीजे की मौत।

मकान ढहने से चाचा और भतीजे की मौत।

HighLights

  1. छतारी में देर रात अचानक मकान भरभराकर गिरा।

  2. मलबे में दबकर चाचा और भतीजे की मौत हुई।

  3. गंभीर घायल मां को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। गुरुवार की रात छतारी के आजाद रोड पर एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के दौरान मकान में सो रहे मां-बेटे व पोते  मलबे में दब गए। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई।

टीम ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दानपुर में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने चाचा व भतीजे को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।

छतारी के मोहल्ला आजाद रोड निवासी 65 वर्षीय चंद्रकला पत्नी दुर्गा प्रसाद सिंह के मकान में गुरुवार रात करीब एक बजे अचानक हादसा हो गया। मकान गिरने के दौरान घर में सो रहे 30 वर्षीय राजेश पुत्र दुर्गा प्रसाद, 16 वर्षीय सचिन पुत्र ज्ञान प्रकाश और चंद्रकला मलबे में दब गए।

जेसीबी से मलबा हटाया गया

मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस-प्रशासन को सूचना दी। नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी अरविंद मिश्रा के निर्देश पर टीम ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला।

WhatsApp Image 2026-10-30 at 8.33.09 AM

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान अर्णब का असर, बारिश और ठंड से बदला मौसम का मिजाज

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया

इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दानपुर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने राजेश और सचिन को मृत घोषित कर दिया, जबकि चंद्रकला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ रेफर कर दिया।

हादसे की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी रवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। वहीं, बुलंदशहर एडीएम राजस्व अभिषेक सिंह, शिकारपुर एसडीएम प्रतीक्षा पांडे, डिबाई एसडीएम रविकांत चौबे, डिबाई सीओ मधूप कुमार सिंह और एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। अधिकारी हादसे के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-एनसीआर में भी दिखा चक्रवाती तूफान अर्णब का असर, बारिश से गिरा तापमान; चार साल में अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।