'अर्णब' तूफान का यूपी में असर: 10 से ज्यादा जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश, तापमान में आई गिरावट
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'अर्णब' का असर पूरे उत्तर प्रदेश में दिख रहा है, जिससे कई जिलों ...और पढ़ें

HighLights
चक्रवाती तूफान अर्णब का असर पूरे उत्तर प्रदेश में।
प्रदेश में बारिश, तापमान में गिरावट और तेज हवाएं।
फसलों को नुकसान की आशंका, सुरक्षित रहने की अपील।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्णब का असर पूरे प्रदेश में दिख रहा है। गुरुवार को दोपहर चार बजे शहर में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हुई और पूरे दिन बादल छाए रहे। वहीं, सोनभद्र में सबसे अधिक बारिश हुई।
साथ ही, पश्चिमी यूपी में भी हल्की फुहारें पड़ीं। 31 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहेगा। साथ ही, तेज हवाएं भी चलेंगी। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि इस तूफान के प्रभाव से अगले दो दिनों के भीतर प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आएगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोनभद्र के रिहंद बांध, दुद्धी, चुर्क सहित चार इलाकों में बारिश हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। इसके अलावा बलिया, कानपुर नगर, सुलतानपुर, प्रयागराज, बांदा, अयोध्या और चित्रकूट में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।अधिकतर जगहों पर पूरे दिन बाल छाए रहे और तापमान में भी काफी गिरावट आई।
प्रदेश भर में गुरुवार को अधिकतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दो दिन तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें- यूपी में 60 जिलों के 12 लाख अभ्यर्थी आज देंगे PET एग्जाम, बारिश के अलर्ट के बीच खास इंतजाम, नोडल अधिकारी अलर्ट
बेमौसम बारिश और आंधी से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आम नागरिकों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लेने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।