Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र: विधायक के विकास के दावों के बावजूद कई समस्याएं बरकरार, शिकारपुर-अनूपशहर मार्ग में गहरे गड्ढे

    By Bhupendra Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Fri, 31 Jul 2026 07:12 PM (IST)

    Uttar Pradesh MLA Report Card: बुलंदशहर के शिकारपुर में सड़कों की खराब हालत, जलभराव और बिजली आपूर्ति जैसी समस्याएं बनी हुई हैं, जबकि विधायक अनिल शर्मा ...और पढ़ें

    शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र

    शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र

    HighLights

    1. विधायक अनिल शर्मा ने 500 करोड़ के विकास कार्य गिनाए।

    2. क्षेत्र में कई सड़कें गड्ढों और कीचड़ से बदहाल, लोग परेशान।

    जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। वर्ष 2022 में भाजपा के टिकट पर अनिल शर्मा ने समाजवादी पार्टी के कैबिनेट मंत्री किरनपाल सिंह को हराकर दूसरी बार जीत हासिल की। अनिल शर्मा ने पिछले पांच वर्षों में विधानसभा क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए, जिनमें सड़कों का चौड़ीकरण और रोडवेज बस अड्डे का निर्माण शामिल है। हालांकि, क्षेत्र में कई समस्याएं आज भी बरकरार हैं।

    शिकारपुर-जहांगीराबाद मार्ग की स्थिति बेहद खराब है। गांव कुतुबपुर से चांदोक दोराहे तक सड़क की हालत चिंताजनक है। शहर का मुख्य मार्ग, जो बाईपास से बड़ा महादेव मंदिर की ओर जाता है, जलभराव और कीचड़ से भरा हुआ है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। ग्रामवासी इस सड़क की मरम्मत के लिए विधायक से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।

    शिकारपुर-अनूपशहर मार्ग की भी यही स्थिति है। कांवड़ यात्रा शुरू होने वाली है, लेकिन सड़क के गहरे गड्ढे भरे जाने का इंतजार कर है। रोडवेज बस अड्डे का निर्माण हो चुका है, लेकिन यह सड़क से काफी नीचे होने के कारण बारिश के पानी से भर जाता है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

    मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे, शिकारपुर से अहमदगढ़ तक, जिस पर करोड़ों रुपये खर्च हुए हैं, कुछ ही दिनों में जगह-जगह टूटने लगा है। यह दर्शाता है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है। ग्रामीणों और नगर क्षेत्र की एक बड़ी समस्या बिजली आपूर्ति है। चुनाव के दौरान 22 और 20 घंटे विद्युत आपूर्ति के दावे किए गए थे, लेकिन क्षेत्र की स्थिति बेहद खराब है। बार-बार होने वाली ट्रिपिंग, फाल्ट और कम वोल्टेज जैसी समस्याएं आम जनता के लिए सिरदर्द बन गई हैं।

    खबरें और भी

    जल जीवन मिशन योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी अधूरा है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे और बैठी हुई सड़क आज भी जल निगम की लापरवाही को उजागर कर रही है। परशुराम चौक से नगर पालिका के सामने वाली सड़क की खराब हालत विकास कार्यों की असलियत बयां करती है।

    मार्गाें का सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण कराने सहित कराए कई कार्य: विधायक   

    विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि शिकारपुर-जहांगीराबाद मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 15.94 करोड़ स्वीकृत हुए हैं, जिससे किसानों को अनूपशहर शुगर मिल तक पहुंचने में सुविधा होगी। शिकारपुर-पहासू मार्ग का चौड़ीकरण 29 करोड़ की लागत से किया गया, जिससे सड़क की चौड़ाई सात मीटर बढ़ाई गई।

    उनका कहना है कि इसके अतिरिक्त, खुर्जा-शिकारपुर मार्ग का चौड़ीकरण और रोडवेज बस अड्डे का निर्माण भी किया गया। इससे नगर एवं ग्रामवासियों को दिल्ली, मेरठ, हरिद्वार, मथुरा, वृंदावन आदि स्थानों पर जाने की सुविधा मिली। जनता की सुविधा के लिए गंगा एक्सप्रेसवे पर शिकारपुर मार्ग पर कट रहेगा।

    कांग्रेस प्रत्याशी बोले- सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब

    वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में चौथे स्थान पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी जियाउर्रहमान ने शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में न तो सरकारी डिग्री कालेज है और न ही कोई औद्योगिक क्षेत्र। सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब है, और विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है।

    रोडवेज बस अड्डे का निर्माण सड़क से नीचे किया गया है, जिससे बरसात में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। इसके अलावा, सड़कें बनने के कुछ समय बाद ही टूट जाती हैं।

    जनता कहिन 

    क्षेत्र की जनता की सुविधाओं के लिए सड़कों का जाल बिछाया गया है। कई वर्षों से की जा रही रोडवेज बस की मांग पूरी होने से नगर एवं ग्रामवासियों को दिल्ली, मेरठ, हरिद्वार, मथुरा, वृंदावन आदि स्थानों पर जाने में सुविधा मिली है। इससे युवा वर्ग को खासा फायदा हुआ है।
    -रामकिशन लोधी, जहांगीराबाद चुंगी। 
     शिकारपुर में मुख्य सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है। छात्रावास के सामने से गुजरने वाली सड़क में गहरे गड्ढे हैं, जो लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। सड़क निर्माण की मांग पिछले एक वर्ष से की जा रही है, लेकिन कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है।
    -नरेश चौधरी, बाईपास छात्रावास के पास शिकारपुर।
    शिकारपुर में जाम की समस्या वर्षों से बनी हुई है। जनप्रतिनिधियों से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। खुर्जा बस अड्डे से पहासू बस अड्डे और बड़ा बाजार में रोजाना जाम से स्कूली बच्चों सहित अन्य लोग परेशान हैं।
    -श्रीकृष्ण सिंघल, पूर्व अध्यक्ष रामलीला कमेटी शिकारपुर।
    शिकारपुर बाईपास से बड़ा महादेव मंदिर तक का रास्ता बेहद दयनीय है। मां भगवती स्कूल के आगे बारिश के पानी और कीचड़ से रास्ता बंद है। जल निगम द्वारा खोदी गई सड़क की लीपापोती से जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
    -रतनलाल, निवासी शिकारपुर।