Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बुलंदशहर में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा बुधवार, 44 डिग्री पहुंचा तापमान

    By Prashant Gaud Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Tue, 19 May 2026 06:16 PM (GMT+05:30)

    Bulandshahr weather : बुलंदशहर में बुधवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से लोग प ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक फोटो

    प्रतीकात्मक फोटो

    HighLights

    1.  दिन निकलते ही तपती दोपहरी का हो रहा अहसास

    2. गर्मी से बचने को पेय पदार्थों, कूलर-एसी की मांग बढ़ी।

    जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। मौसम का मिजाज सख्त होते ही पारा सिर चढ़कर बोल रहा है। दिन निकलते ही आसमान से बरसाती 'आग'' का सामना करना पड़ रहा है। तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से बुधवार सीजन का सबसे गर्म दिन रिकार्ड किया गया।

    लोग झुलसाने वाली गर्मी से जूझते रहे। साथ ही लू का प्रकोप भी लोगों की परेशानी बढ़ता रहा। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में इसी तरह भयंकर गर्मी सताने की संभावना जताई है।

    कई दिनों से सूर्यदेव के तेवर तल्ख बने हुए हैं। मौसम शुष्क होकर भीषण गर्मी का अहसास करा रहा है। सड़क भी तपने के कारण चलना दूभर हो रहा है। दोपहर के समय लू का असर बढ़ रहा है और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। बुधवार को दिन निकलते ही तपती दोपहरी का अहसास होने लगा। दिन चढ़ने पर भयंकर गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा।

    गर्मी से बचाव को लोग छांव तलाश रहे हैं। मंगलवार के मुकाबले बुधवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री का उछाल हुआ। अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस पर थमा रहा। केवीके प्रभारी डा. रीशू सिंह के अनुसार गर्मी अपना असर दिखा रही है। तापमान सामान्य से अधिक पहुंच रहा है।

    बुधवार को तापमान इस सीजन में सबसे अधिक 44 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। आगामी दिनों में भी तेज लू चलने की संभावना भी बनी हुई है। जिस तरह से तापमान में उछाल हो रहा है, इससे आगामी दिनों में गर्मी से राहत की संभावना नजर नहीं आ रही है।

    खबरें और भी

    पेय पदार्थों के साथ कूलर-एसी की बढ़ी डिमांड

    गर्मी बढ़ने के साथ ही पेय पदार्थों की बिक्री बढ़ गई है। गर्मी से बचने के लिए लोग पेय पदार्थों का अधिक सेवन कर रहे हैं। ऐसे में सड़क किनारे लगी जूस, गन्ने का रस, नारियन पानी की ठेली, खोमचे सहित दुकानों पर लोग इनका सेवन करते नजर आए।

    वहीं, गर्मी से बचने के लिए बच्चों के साथ बड़े भी नलकूप, रजवाहा, नहर, स्वीमिंग पूल पर पहुंच रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के नलकूप पर खासी भीड़ रही। उधर, भीषण गर्मी के चलते पंखा, कूलर, एसी की डिमांड बढ़ गई है। लोग इनकी खरीदारी को दुकानों पर पहुंच रहे हैं।