मीट फैक्ट्री में टीम को मिली मानकों की अनदेखी, नाकिंग बॉक्स सील; नहीं होगा पशुवध
खुर्जा की अलहम्द फ्रोजन फूड्स मीट फैक्ट्री में अनियमितताएं मिलने पर जांच समिति ने नाकिंग बॉक्स सील कर दिया है। अलीगढ़ में गोमांस पकड़े जाने के बाद हुई ...और पढ़ें
-1782152913894_m.webp)
मीट फैक्ट्री में टीम को मिली मानकों की अनदेखी। जागरण
HighLights
खुर्जा की अलहम्द फ्रोजन फूड्स फैक्ट्री में जांच।
अनियमितताएं मिलने पर नाकिंग बॉक्स सील किया गया।
अग्रिम आदेश तक फैक्ट्री में पशुवध पर रोक।
संवाद सहयोगी, खुर्जा (बुलंदशहर)। अलीगढ़ के थाना चंडौस पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने के बाद जनपद के प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय दिखाई दिए। विभिन्न विभागों की समिति गठित करते हुए मूंडाखेड़ा मार्ग स्थित मैसर्स अलहम्द फ्रोजन फूडस में आठ से नौ घंटे तक दस्तावेज खंगाले गए। जहां प्रथमदृष्टया अनियमितता मिलने पर नाकिंग बाक्स (पशुवध की प्रक्रिया से संबंधित कक्ष) सील किया गया। जिससे अब वहां पशुवध अग्रिम विधिक आदेशों तक नहीं होगा।
जनवरी माह में अलीगढ़ के थाना चंडौस क्षेत्र में पुलिस ने मीट लदे वाहन को पकड़ा था। जहां मुकदमा दर्ज कर मिले मांस को लैब भेजा गया था। गत माह आई रिपोर्ट में गोमांस की पुष्टि हुई। जिस पर पुलिस द्वारा वाहन चालक को पकड़ा गया और उससे पूछताछ की गई। जिसने पुलिस पूछताछ में खुर्जा की अलहम्द फैक्ट्री से मांस लाने की बात कही। ऐसे में पुलिस ने खुर्जा निवासी फैक्ट्री मालिक अनवर हुसैन समेत उनके दो साझेदार समेत चार को जेल भेज दिया।
अलीगढ़ पुलिस की कार्रवाई के बाद जनपद के प्रशासनिक अधिकारी भी मामले में सक्रिय हो गए। रविवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच समिति का गठन किया गया। जिसमें ऊर्जा निगम, अग्निशमन, पशुपालन, खाद्य विभाग, प्रदूषण विभाग, उद्योग विभाग समेत कई विभागों के अधिकारी व कर्मी शामिल किए गए।
वहीं, दोपहर करीब एक बजे जांच समिति मूंडाखेड़ा मार्ग स्थित मैसर्स अलहम्द फ्रोजन फूडस में पहुंच गई। जहां अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों से संबंधित जांच की गई। साथ ही करीब आठ से नौ घंटे तक उनके द्वारा दस्तावेज खंगाले गए। इसके साथ ही वहां मिले मांस के सैंपल भी लिए गए हैं। जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
टीम को जांच के दौरान प्रथमदृष्टया अनियमितता मिलीं। ऐसे में जांच समिति द्वारा तत्काल प्रभाव से नाकिंग बाक्स को सील कर दिया गया। जिससे इकाई में अब अग्रिम विधिक आदेश तक पशुवध का कार्य नहीं किया जाएगा। इतना ही नहीं वहां कटे पशुओं के मांस को चिलर में रक्षित किया गया।
खबरें और भी
उधर, एडीएम प्रशासन नीतीश कुमार ने बताया कि फैक्ट्री में समिति द्वारा जांच में पाया गया कि मानकों का पूर्ण रूप से पालन नहीं हो रहा है। ऐसे में अनियमितता पाए जाने पर समिति द्वारा फैक्ट्री में नाकिंग बाक्स को सील करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।