बुलंदशहर में मंडी सचिव एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई
एंटी करप्शन टीम ने बुलंदशहर के खुर्जा में मंडी सचिव नाहर सिंह को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी एक आटा मिल संचालक की ...और पढ़ें

खुर्जा कोतवाली में मंडी सचिव नाहर सिंह (मध्य में) को लेकर आती एंटी करप्शन की टीम। जागरण
HighLights
आटा मिल संचालक की शिकायत पर हुई कार्रवाई।
सप्ताहभर में भ्रष्टाचार पर दूसरी बड़ी कार्रवाई।
संवाद सहयोगी, खुर्जा (बुलंदशहर)। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) मेरठ इकाई ने मंडी सचिव को व्यापारी से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी को कोतवाली ले जाया गया, जहां टीम ने शिकायत दर्ज कर मुकदमा दर्ज कराया। इस मामले की जांच जारी है।
कालिंदी कुंज कालोनी निवासी अतुल गुप्ता ने बताया कि वह अरनिया क्षेत्र में आटा मिल का संचालन कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें मंडी समिति की टीम द्वारा परेशान किया जा रहा था। आरोप है कि मंडी सचिव नाहर सिंह, जो गाजियाबाद के वसुंधरा में रहते हैं, ने पिछले एक महीने से उन पर दबाव बनाया। सचिव ने उनका लाइसेंस निरस्त करने की धमकी भी दी।
अतुल को इस संबंध में नोटिस भी दिए। जब उन्होंने सचिव से नोटिस माफ करने की बात की, तो सचिव ने एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी। अतुल ने रकम अधिक होने के कारण देने से मना कर दिया। इससे परेशान होकर अतुल ने एक सप्ताह पहले मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्हें मेरठ एंटी करप्शन टीम का फोन आया, जिसमें उन्होंने अपनी समस्या बताई।
टीम के सदस्यों ने अतुल से मुलाकात की और उनकी शिकायत की जांच की। बुधवार को एंटी करप्शन के निरीक्षक योगेंद्र धामा के नेतृत्व में टीम खुर्जा पहुंची। अतुल गुप्ता के साथ टीम का एक सदस्य मंडी सचिव के पास गया। नोटिस की कार्रवाई रोकने के लिए अतुल ने एक लाख रुपये सचिव को दिए। इसी दौरान एंटी करप्शन टीम के सदस्य ने सचिव को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया।
खबरें और भी
इसके बाद टीम ने आरोपी को पकड़कर खुर्जा कोतवाली ले जाकर तहरीर देकर मंडी सचिव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। सीओ शोभित कुमार ने बताया कि एंटी करप्शन की टीम की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
सप्ताहभर के भीतर दूसरी कार्रवाई से मची अफरातफरी
18 जून को भी भ्रष्टाचार निवारण संगठन मेरठ इकाई की टीम शिकारपुर स्थित मंडी में पहुंची थी, जहां टीम ने ठेकेदार से दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मंडी समिति के कंप्यूटर ऑपरेटर को गिरफ्तार किया था। इस प्रकार, जनपद में टीम ने सप्ताहभर के भीतर दूसरी कार्रवाई की है, जिससे अफरातफरी का माहौल बना हुआ है। विभागों के कर्मी भी पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं।
भाकियू महाशक्ति ने घेराव की दी थी चेतावनी
भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह ने मंडी सचिव नाहर सिंह पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया था और किसानों के लिए बनाए गए प्लेटफार्म पर रुपये लेकर कब्जा करने का आरोप भी लगाया था। उन्होंने घेराव करने की चेतावनी भी दी थी।