Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    SSP बुलंदशहर ने चौकी प्रभारी सहि‍त 7 पुल‍िसकर्मि‍यों को क‍िया सस्‍पेंड, अनुशासनहीनता और लापरवाही के कारण गि‍री गाज 

    By Bhupendra Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Fri, 07 Aug 2026 06:30 AM (IST)

    Bulandshahr News: बुलंदशहर एसएसपी ने मुकेश हत्याकांड और निजामपुर दोहरे हत्याकांड में लापरवाही बरतने पर चौकी प्रभारी समेत सात पुलिसकर्मियों को निलंबित ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. मुकेश हत्याकांड में लापरवाही पर दो पुलिसकर्मी निलंबित।

    2. निजामपुर दोहरे हत्याकांड में चौकी प्रभारी समेत दो निलंबित।

    3. बिना सूचना दबिश देने पर तीन पुलिसकर्मी निलंबित।

    जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। एसएसपी ने दाउदपुर में हुए मुकेश हत्याकांड, निजापुर में हुए दोहरे हत्याकांड तथा बिना सूचना दिए दबिश देने के मामलों में लापरवाही बरतने चौकी प्रभारी, हल्का दारोगा समेत सात पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है।

    पिछले माह 14 जुलाई को सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव निजामपुर में दो पक्षों में जमकर फायरिंग, मारपीट और पथराव हुआ था। इसमें एक पक्ष से सोनू उर्फ सुनील और दूसरे पक्ष से अजब सिंह की मौत हो गई थी।

    इसी गांव में घटनास्थल से लगभग सौ मीटर की दूरी पर निजामपुर पुलिस चौकी है। घटना में पुलिस अधिकारियों ने निजामपुर चौकी प्रभारी सुबोध प्रताप सिंह और बीट आरक्षी राहुल वशिष्ठ को लापरवाह माना और कार्रवाई की संस्तुति की। जिस पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने दोनों को निलंबित कर दिया है।

    इसके अलावा गुलावठी कोतवाली में तैनात कांस्टेबल अंकुर मलिक, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और हेड कांस्टेबल जितेंद्र कसाना एसएसपी व कोतवाली प्रभारी को बिना सूचना दिए जिले से बाहर दबिश में चले गए।

    इसकी शिकायत कोतवाली प्रभारी ने एसएसपी से की। एसएसपी ने तीनों पुलिसकर्मियों को अनुशासनहीनता व लापरवाह मानते हुए निलंबित कर दिया है। इसके अलावा एसएसपी ने ग्राम दाऊदपुर में हुए मुकेश हत्याकांड में लापरवाही बरतने पर हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक शीशपाल सिंह व बीट प्रभारी मधुसूदन को निलंबित कर दिया है।

    सात माह में पुलिस 118 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली

    बुलंदशहर: एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा सक्रिय एवं आदतन अपराधियों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा एक जनवरी 2026 से 31 जुलाई 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया।

    खबरें और भी

    अभियान के दौरान अत्याधुनिक तकनीक एवं डिजिटल पुलिसिंग के प्रभावी उपयोग के तहत यक्ष ऐप के माध्यम से चिन्हित अपराधियों की लगातार निगरानी, सत्यापन एवं विश्लेषणात्मक समीक्षा की गई।

    सत्यापन उपरांत कुल 118 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई, जिससे उनकी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके।