Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दुग्ध उत्पादन बढ़ाना चाहें तो आवेदन करें, गोपालकों को मिलेगा अनुदान; प्रदेश सरकार की है यह महत्वाकांक्षी योजना

    By Prashant Gaud Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Sun, 14 Jun 2026 05:59 PM (GMT+05:30)

    प्रदेश सरकार की नंद बाबा दुग्ध मिशन योजना के तहत गोपालकों को उन्नत नस्ल की गाय खरीदने पर 80 हजार रुपये तक का अनुदान मिलेगा। इस योजना से दुग्ध उत्पादन ...और पढ़ें

    (प्रतीकात्मक फोटो)

    (प्रतीकात्मक फोटो)

    HighLights

    1. उन्नत नस्ल की दो गायों पर 80 हजार तक का अनुदान।

    2. मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना से दुग्ध उत्पादन में वृद्धि।

    3. महिला गोपालकों को प्राथमिकता, अंतिम तिथि 10 जुलाई।

    जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि करने की कवायद में पशुपालन विभाग जुटा है। नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत संचालित मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना का लाभ उठाने के लिए गोपालकों को प्रेरित किया जा रहा है। योजना में दो उन्नत नस्ल की गाय खरीदने पर लाभार्थियों को अधिकतम 80 हजार रुपये अनुदान मिलने की जानकारी दी जा रही है। इसका लाभ उठाने के लिए आनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं।

    सीवीओ डा. अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पशुपालकों को समृद्ध बनाने को यह योजना संचालित की जा रही है। इसमें बाहरी राज्यों से गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं हरियाणा नस्ल की स्वदेशी उन्नत गायों की खरीद पर अनुदान दिया जाएगा। लाभार्थी को दो गायों की इकाई स्थापित करनी होगी।

    इसकी कुल लागत का 40 प्रतिशत, अधिकतम 80 हजार रुपये तक अनुदान दिया जाएगा। योजना में महिला गोपालकों एवं दुग्ध उत्पादकों को वरीयता दी जाएगी। इसलिए निर्धारित लक्ष्य का 50 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है। ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तीकरण को भी बढ़ावा मिल सके। इसके चलते नंद बाबा दुग्ध मिशन के पोर्टल पर आनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 जून से शुरू हो गई है। इच्छुक गोपालकों को दस जुलाई तक आनलाइन आवेदन का मौका दिया है।