चंदौली में चार माह से वेतन नहीं मिलने पर परिचारक ने किया आत्मदाह का प्रयास, विद्यालय बंद किया गया
चंदौली के नेशनल इंटर कॉलेज में चार माह से वेतन न मिलने से परेशान एक परिचारक ने आत्मदाह का प्रयास किया, जिससे विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई और उसे बंद क ...और पढ़ें

HighLights
चार माह से वेतन न मिलने पर परिचारक ने किया प्रयास।
नेशनल इंटर कॉलेज, सैयदराज में हुई घटना, स्कूल बंद।
पुलिस-अधिकारियों ने जांच व वेतन भुगतान का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, चंदौली। नेशनल इंटर कालेज , सैयदराज में चार महीने से वेतन नहीं मिलने से परेशान परिचारक ने बुधवार को आत्मदाह का प्रयास किया। घटना से विद्यालय परिसर और शिक्षा विभाग में अफरा तफरी मच गई।
बच्चे भयभीत होकर स्कूल से बाहर निकल गए। विद्यालय को बंद कर दिया गया।बताया गया कि परिचारक संतोष मिश्र सहित चार कर्मियों का वेतन का वेतन जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) द्वारा रोक दिया गया था, जिससे वह लंबे समय से आर्थिक संकट से जूझ रहा था।
आरोप है कि कई बार अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद वेतन भुगतान नहीं हुआ। निराश होकर परिचारक ज्वलनशील पदार्थ लेकर विद्यालय पहुंचा और आत्मदाह की कोशिश की।
मौके पर मौजूद लोगों एवं कर्मचारियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया और किसी तरह आग लगाने से रोक दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। परिचारक ने आरोप लगाया कि वेतन न मिलने के कारण उसके परिवार के सामने भुखमरी जैसी स्थिति पैदा हो गई है।
घटना के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई तथा वेतन प्रकरण का शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। घटना को लेकर शिक्षकों और कर्मचारियों में भी भारी नाराजगी देखी गई।